वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
संत कबीर नगर। विश्व वृद्ध दुर्व्यवहार जागरूकता दिवस (World Elder Abuse Awareness Day) के अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, संत कबीर नगर द्वारा वृद्धाश्रम में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में समर इंटर्नशिप के विधि छात्रों ने भी सहभागिता की।
यह कार्यक्रम माननीय जिला जज रणधीर सिंह के निर्देशन तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव सुनील कुमार सिंह के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य वरिष्ठ नागरिकों के अधिकारों, सम्मान और सुरक्षा के प्रति समाज में जागरूकता बढ़ाना था।
कार्यक्रम के दौरान वृद्धजनों को उनके कानूनी अधिकारों, निःशुल्क विधिक सहायता, वरिष्ठ नागरिक संरक्षण अधिनियम तथा विभिन्न सरकारी कल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही वृद्धजनों के साथ होने वाले शोषण, उपेक्षा और दुर्व्यवहार को रोकने के लिए समाज को संवेदनशील बनने का संदेश दिया गया।
इस अवसर पर सचिव सुनील कुमार सिंह ने कहा कि वृद्धजन समाज की अमूल्य धरोहर हैं और उनके सम्मान एवं सुरक्षा की जिम्मेदारी हम सभी की है। उन्होंने कहा कि वृद्धजनों के प्रति सम्मान, सहयोग और संवेदनशील व्यवहार अपनाकर ही एक स्वस्थ एवं संस्कारित समाज का निर्माण किया जा सकता है।
कार्यक्रम में 1 जून से 30 जून 2026 तक संचालित समर इंटर्नशिप कार्यक्रम में प्रतिभाग कर रहे विधि छात्र, वृद्धाश्रम के कर्मचारी, वृद्धजन तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों को वृद्धजनों के सम्मान, संरक्षण एवं उनके अधिकारों के प्रति जागरूक रहने की शपथ दिलाई गई।

No comments:
Post a Comment