महादेवा, बस्ती। लालगंज थाना क्षेत्र सहित आसपास के बाजारों में मिलावटी एवं घटिया गुणवत्ता की मिठाइयों की खुलेआम बिक्री जारी है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि खाद्य सुरक्षा विभाग की उदासीनता के कारण मिलावटखोर बेखौफ होकर लोगों के स्वास्थ्य से खिलवाड़ कर रहे हैं।
जानकारों के अनुसार कई दुकानों पर प्रतिबंधित एवं संदिग्ध गुणवत्ता वाले खोवा तथा कृत्रिम सामग्री से तैयार मिठाइयां बेची जा रही हैं। पाउडर से तैयार पनीर, छेना और अन्य दुग्ध उत्पादों का उपयोग कर मिठाइयां बनाई जा रही हैं, जिनके सेवन से लोगों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका है।
महादेवा, लालगंज, बनकटी, पाकरडाड़ और महसो समेत क्षेत्र के कई प्रमुख बाजारों में ऐसी मिठाइयों की बिक्री की शिकायतें लगातार सामने आ रही हैं। इसके बावजूद खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा लंबे समय से न तो सघन जांच अभियान चलाया गया है और न ही संदिग्ध दुकानों से नमूने लेकर कोई प्रभावी कार्रवाई की गई है।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि त्योहारों और मांग बढ़ने के समय मिलावटी मिठाइयों का कारोबार और तेज हो जाता है। लोगों ने प्रशासन से नियमित जांच अभियान चलाने, मिठाइयों के नमूने लेकर उनकी गुणवत्ता की जांच कराने तथा दोषी दुकानदारों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
क्षेत्रवासियों का कहना है कि समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो मिलावटी खाद्य पदार्थों के कारण लोगों के स्वास्थ्य पर गंभीर खतरा उत्पन्न हो सकता है। वहीं खाद्य सुरक्षा विभाग की चुप्पी को लेकर आमजन में नाराजगी बढ़ती जा रही है।

No comments:
Post a Comment