28 जून को बूथ दिवस पर 3.11 लाख बच्चों को पिलाई जाएगी पोलियो की दवा
वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
संत कबीर नगर। जिलाधिकारी आलोक कुमार ने जूनियर हाईस्कूल, खलीलाबाद के प्रांगण से पल्स पोलियो अभियान की जनपद स्तरीय जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली में विद्यालय के छात्र-छात्राओं एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। बच्चों ने बैंड-बाजे और जागरूकता नारों के साथ नगर भ्रमण कर लोगों को पल्स पोलियो अभियान के प्रति जागरूक किया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी आलोक कुमार ने कहा कि जन-जागरूकता और आमजन के सहयोग से ही पोलियो जैसी गंभीर बीमारी पर प्रभावी नियंत्रण संभव हो सका है। उन्होंने जनपदवासियों से 28 जून 2026 को आयोजित होने वाले बूथ दिवस पर अपने 0 से 5 वर्ष तक के सभी बच्चों को पोलियो की दो बूंद अवश्य पिलाने की अपील करते हुए अभियान को सफल बनाने का आह्वान किया।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रामानुज कनौजिया ने बताया कि जनपद संत कबीर नगर में 0 से 5 वर्ष आयु वर्ग के कुल 3,11,141 बच्चों को पोलियो ड्रॉप पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके लिए नगरीय क्षेत्र खलीलाबाद में 27 बूथ सहित जनपद के सभी 9 विकास खंडों में कुल 858 बूथ बनाए गए हैं।
उन्होंने बताया कि अभियान के दूसरे चरण में 29 जून से 3 जुलाई 2026 तक 489 हाउस-टू-हाउस टीमें, 28 ट्रांजिट टीमें तथा 13 मोबाइल टीमें घर-घर जाकर छूटे हुए बच्चों को पोलियो की दवा पिलाएंगी, ताकि कोई भी बच्चा इस अभियान से वंचित न रहे।
कार्यक्रम के दौरान जिला प्रतिरक्षण अधिकारी ने गर्मी के मौसम को देखते हुए सभी बूथों का समय से संचालन सुनिश्चित करने तथा वैक्सीन की गुणवत्ता बनाए रखने के लिए कोल्ड चेन व्यवस्था का सख्ती से पालन करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को दिए।

No comments:
Post a Comment