<!--Can't find substitution for tag [blog.voiceofbasti.page]--> - Voice of basti

Voice of basti

सच्ची और अच्छी खबरें

Breaking

वॉयस ऑफ बस्ती में आपका स्वागत है विज्ञापन देने के लिए सम्पर्क करें 9598462331

Saturday, June 27, 2026

पीएमईजीपी से बस्ती में स्वरोजगार को मिली नई रफ्तार, 68 उद्यमियों को 5.68 करोड़ रुपये का ऋण


बस्ती। केंद्र सरकार की प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम (PMEGP) योजना मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में जनपद बस्ती में स्वरोजगार को बढ़ावा देने का प्रभावी माध्यम बन रही है। योजना के तहत बेरोजगार युवाओं, महिलाओं और इच्छुक उद्यमियों को उद्योग एवं सेवा क्षेत्र में नए उद्यम स्थापित करने के लिए वित्तीय सहायता, मार्जिन मनी अनुदान तथा उद्यमिता विकास प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है, जिससे रोजगार के नए अवसर सृजित हो रहे हैं और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिल रही है।
जिला उद्योग एवं उद्यम प्रोत्साहन केंद्र, बस्ती से प्राप्त जानकारी के अनुसार वित्तीय वर्ष 2024-25 में प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम के अंतर्गत 68 लाभार्थियों को कुल 568.09 लाख रुपये (5.68 करोड़ रुपये से अधिक) का ऋण स्वीकृत एवं वितरित किया गया। लाभार्थियों को परियोजना लागत के अनुसार मार्जिन मनी अनुदान का भी लाभ मिला, जिससे नए व्यवसाय शुरू करने में आर्थिक सहयोग मिला।
योजना के तहत 18 वर्ष या उससे अधिक आयु के इच्छुक व्यक्ति उद्योग अथवा सेवा क्षेत्र में अपना उद्यम स्थापित करने के लिए ऋण प्राप्त कर सकते हैं। विनिर्माण क्षेत्र में अधिकतम 50 लाख रुपये और सेवा क्षेत्र में अधिकतम 20 लाख रुपये तक की परियोजनाओं के लिए वित्तीय सहायता उपलब्ध कराई जाती है।
पीएमईजीपी के माध्यम से जिले में खाद्य प्रसंस्करण, रेडीमेड वस्त्र निर्माण, फर्नीचर निर्माण, मोबाइल रिपेयरिंग, मरम्मत केंद्रों तथा अन्य लघु उद्योगों और सेवा प्रतिष्ठानों की स्थापना को बढ़ावा मिला है। इससे लाभार्थियों को स्वरोजगार प्राप्त होने के साथ स्थानीय स्तर पर अतिरिक्त रोजगार के अवसर भी उत्पन्न हुए हैं।
अधिकारियों के अनुसार योजना के अंतर्गत चयनित लाभार्थियों को उद्यमिता विकास प्रशिक्षण भी दिया जाता है, जिससे वे व्यवसाय संचालन, वित्तीय प्रबंधन, विपणन और उत्पादन संबंधी आवश्यक जानकारियां प्राप्त कर सकें। इससे उद्यमियों की क्षमता में वृद्धि होती है और उनके व्यवसाय के सफल संचालन की संभावनाएं बढ़ती हैं।
जनपद प्रशासन ने पात्र युवाओं और इच्छुक उद्यमियों से प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम का लाभ उठाकर अपना उद्योग अथवा सेवा उद्यम स्थापित करने की अपील की है। प्रशासन का कहना है कि यह योजना आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य को मजबूती देने के साथ ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में रोजगार सृजन और आर्थिक विकास को नई गति प्रदान कर रही है।

No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Responsive Ads Here

Pages