गोरखपुर। पुलिस महानिदेशक, उत्तर प्रदेश के निर्देश पर चलाए जा रहे 'ऑपरेशन दहन' अभियान के तहत गोरखपुर पुलिस ने 9.891 किलोग्राम मादक पदार्थों का नियमानुसार विनष्टीकरण किया। जिला स्तरीय ड्रग डिस्पोजल कमेटी की उपस्थिति में थाना कैण्ट, गीडा, चौरीचौरा, शाहपुर और सहजनवा से संबंधित आठ अभियोगों में बरामद 9 किलो 540 ग्राम गांजा तथा 351 ग्राम स्मैक, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत 74.97 लाख रुपये है, को पर्यावरण एवं सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए खलीलाबाद स्थित मेसर्स मेडिकल पॉल्यूशन कंट्रोल कमेटी के उच्च क्षमता वाले इंसीनरेटर में नष्ट किया गया।
पुलिस विभाग के अनुसार, इससे पहले 30 मार्च 2026 को संबंधित 16 अभियोगों में 63.8 किलोग्राम गांजा, 140 ग्राम चरस, 20 ग्राम स्मैक और 7 ग्राम हेरोइन, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत करीब 86.25 लाख रुपये थी, को भी नष्ट किया जा चुका है।
इस प्रकार वर्ष 2026 में अब तक कुल 73.858 किलोग्राम मादक पदार्थों का विनष्टीकरण किया जा चुका है, जिनकी अनुमानित बाजार कीमत 1 करोड़ 61 लाख 22 हजार रुपये है। पुलिस का कहना है कि नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

No comments:
Post a Comment