वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
बस्ती। पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) बस्ती परिक्षेत्र संजीव त्यागी ने परिक्षेत्रीय कार्यालय के सभागार में बस्ती, सिद्धार्थनगर एवं संतकबीरनगर जनपदों के पुलिस अधीक्षकों एवं अपर पुलिस अधीक्षकों के साथ मासिक अपराध समीक्षा गोष्ठी की। बैठक में अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था और लंबित मामलों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
डीआईजी ने लंबित एवं आंशिक विवेचनाओं का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निस्तारण, गैंगस्टर, वांछित, पुरस्कार घोषित, जिला बदर एवं एनबीडब्ल्यू अभियुक्तों की शत-प्रतिशत गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने चोरी एवं वाहन चोरी की घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण, गो-तस्करी की रोकथाम, रात्रिकालीन सघन चेकिंग तथा महिला अपराध, एससी/एसटी एवं पॉक्सो एक्ट से जुड़े मामलों में त्वरित कार्रवाई करने पर विशेष जोर दिया।
बैठक में साइबर अपराधों की रोकथाम, साइबर एक्शन प्लान के प्रभावी क्रियान्वयन, यक्ष ऐप पर अपराधियों का सत्यापन, सीसीटीएनएस, आईजीआरएस, एनसीआरबी, कर्मयोगी पोर्टल, सीएम डैशबोर्ड, जेएमआईएस सहित विभिन्न पोर्टलों की नियमित निगरानी और गुणवत्तापूर्ण कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
डीआईजी ने मुख्यमंत्री जनता दर्शन, पब्लिक ग्रीवांस रिव्यू पोर्टल तथा अन्य उच्चस्तरीय शिकायतों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण, साइबर अपराध से जुड़े मोबाइल एवं आईएमईआई नंबर अधिकाधिक ब्लॉक कराने, आईसीजेएस, एनएएफआईएस, सीईआईआर और आई-रेड ऐप पर नियमित फीडिंग सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही महिला अपहृताओं एवं गुमशुदाओं की शत-प्रतिशत बरामदगी, गैंगस्टर एक्ट के तहत संपत्ति जब्ती, मिशन शक्ति एवं परिवार परामर्श केंद्रों को और प्रभावी बनाने तथा ऑपरेशन दहन सहित अन्य अभियानों में तेजी लाने के निर्देश दिए।
बैठक में विभागीय कार्यों की समीक्षा करते हुए नियम 14(1) एवं 14(2) के अंतर्गत लंबित विभागीय पत्रावलियों, प्रारंभिक जांच, मृतक आश्रित सेवायोजन एवं चिकित्सा प्रतिपूर्ति संबंधी प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण करने तथा साइट्रेन एवं आईजीओटी ऐप पर शेष कर्मियों का प्रशिक्षण जल्द पूरा कराने के निर्देश भी दिए गए।
कम्युनिटी पुलिसिंग को और प्रभावी बनाने, सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए ट्रैफिक एक्शन प्लान तैयार करने तथा मादक पदार्थों की तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए ड्रग्स एक्शन प्लान बनाकर प्रभावी कार्रवाई करने पर भी विस्तार से चर्चा की गई।
गोष्ठी में पुलिस अधीक्षक बस्ती डॉ. यशवीर सिंह, पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थनगर डॉ. अभिषेक महाजन, पुलिस अधीक्षक संतकबीरनगर संदीप कुमार मीना, तीनों जनपदों के अपर पुलिस अधीक्षक तथा परिक्षेत्रीय कार्यालय के शाखा प्रभारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

No comments:
Post a Comment