बस्ती। उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ की जिला स्तरीय बैठक बुधवार को प्रेस क्लब सभागार में जिला संयोजक देवेंद्र प्रताप वर्मा की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में प्रदेश के कार्यरत बेसिक शिक्षकों के लिए विभागीय टेट आयोजित कराने संबंधी आदेश जारी कराने पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, विधान परिषद सदस्य देवेंद्र प्रताप सिंह तथा राज बहादुर चंदेल के प्रति धन्यवाद प्रस्ताव पारित कर आभार व्यक्त किया गया।
जिला संयोजक देवेंद्र प्रताप वर्मा ने बताया कि मुख्यमंत्री कार्यालय से जारी पत्र के माध्यम से अपर शिक्षा सचिव (बेसिक) को उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के प्रदेश अध्यक्ष विनय कुमार तिवारी एवं महामंत्री उमाशंकर सिंह डेरा द्वारा 6 जून 2026 को प्रस्तुत ज्ञापन पर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। ज्ञापन में कार्यरत प्राथमिक शिक्षकों के लिए विभागीय टेट आयोजित करने, सेवा वर्ष के आधार पर वेटेज अंक देने तथा शिक्षकों की सेवा सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की गई थी।
जिला सह-संयोजक विजय प्रकाश चौधरी ने कहा कि मुख्यमंत्री की त्वरित और सकारात्मक पहल से प्रदेश के बेसिक शिक्षकों में नई उम्मीद जगी है। इंद्रसेन मिश्र, महेश कुमार एवं रामभरत वर्मा ने कहा कि संगठन हमेशा शिक्षक हितों की रक्षा के लिए संघर्षरत रहेगा और किसी भी शिक्षक के हितों से समझौता नहीं होने दिया जाएगा।
बैठक के बाद संघ पदाधिकारियों ने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) को मांगपत्र सौंपा। इसमें शासन द्वारा कार्यरत शिक्षकों के लिए प्रस्तावित स्पेशल टेट के संबंध में मांगी गई सूचनाएं शीघ्र शासन को भेजने की मांग की गई। साथ ही 0 से 10 नामांकन वाले विद्यालयों के शिक्षकों को जारी नोटिस वापस लेने, अप्रैल-मई 2026 के नामांकन के आधार पर स्पष्टीकरण एवं जून माह का वेतन रोकने की कार्रवाई न करने की मांग की गई।
संघ ने यह भी मांग की कि पदोन्नति, चयन वेतनमान एवं वार्षिक वेतनवृद्धि के आदेश जारी होने के बावजूद जिन शिक्षकों की ई-सर्विस बुक अपडेट नहीं हुई है, उसे तत्काल अपडेट कराया जाए। भीषण गर्मी और हीटवेव को देखते हुए विद्यालयों का संचालन समय सुबह 7:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक किए जाने की भी मांग उठाई गई।
बैठक में सह-संयोजक चंद्रभान चौरसिया, रमेश चंद्र चौधरी, राजेश कुमार चौधरी, गंगा प्रसाद कन्नौजिया, रामपाल, त्रिलोकीनाथ, गिरजाशंकर चौधरी, विनय करुण, अवलेंद्र पटेल, विजय कन्नौजिया, नागेंद्र वर्मा, सतीश कुमार भारती, पंकज वर्मा, विवेकानंद वर्मा, भरतराम सहित बड़ी संख्या में शिक्षक उपस्थित रहे।
.jpeg)
No comments:
Post a Comment