बस्ती। नगर थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी व्यक्ति ने पुलिस अधीक्षक से शिकायत कर गांव के एक युवक पर 15 वर्षीय किशोरी के साथ छेड़छाड़, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। शिकायतकर्ता ने मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
सोमवार को पुलिस अधीक्षक को दिए गए प्रार्थना पत्र में शिवसहाय ने बताया कि उनके रिश्तेदार की 15 वर्षीय बेटी कुछ दिनों से उनके घर रह रही है और कभी-कभी उनकी किराना दुकान पर भी बैठती है। आरोप है कि गांव निवासी अब्दुल रहमान पिछले कुछ समय से किशोरी के साथ छेड़छाड़ कर रहा था। भय के कारण किशोरी ने पहले किसी को इसकी जानकारी नहीं दी, लेकिन 20 जून को उसने परिजनों को पूरी घटना बताई।
शिकायतकर्ता के अनुसार, घटना की जानकारी मिलने पर उन्होंने आरोपी युवक को बुलाकर समझाने का प्रयास किया, लेकिन उसने गाली-गलौज करते हुए हाथापाई की और जान से मारने की धमकी दी।
प्रार्थना पत्र में यह भी आरोप लगाया गया है कि स्थानीय पुलिस से शिकायत करने के बावजूद आरोपी के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गई। उल्टे शिकायतकर्ता के खिलाफ ही मुकदमा दर्ज कर लिया गया। पीड़ित पक्ष ने पुलिस अधीक्षक से निष्पक्ष जांच कर आरोपी के विरुद्ध विधिक कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की है।

No comments:
Post a Comment