संतकबीरनगर। पुलिस कर्मियों के कल्याण एवं उन्हें बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में सोमवार को थाना धनघटा परिसर में नवनिर्मित आधुनिक भोजनालय (मेस) का भव्य उद्घाटन किया गया। पुलिस अधीक्षक संतकबीरनगर श्री संदीप कुमार मीना ने फीता काटकर भोजनालय का विधिवत शुभारंभ किया।
उद्घाटन के बाद पुलिस अधीक्षक ने भोजनालय का निरीक्षण कर रसोई, साफ-सफाई, बैठने की व्यवस्था तथा खाद्यान्न की गुणवत्ता का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि पुलिस कर्मियों को निर्धारित मेन्यू के अनुसार समय से पौष्टिक, स्वच्छ और उच्च गुणवत्ता वाला भोजन उपलब्ध कराया जाए।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि पुलिस कर्मी दिन-रात कानून व्यवस्था बनाए रखने में जुटे रहते हैं। ऐसे में उन्हें स्वच्छ और तनावमुक्त वातावरण में गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराना उनकी कार्यकुशलता और मनोबल बढ़ाने में सहायक होगा।
इस अवसर पर क्षेत्राधिकारी धनघटा अभयनाथ मिश्र, उप जिलाधिकारी धनघटा, प्रभारी निरीक्षक दिलीप कुमार सिंह, थानाध्यक्ष महुली दुर्गेश कुमार पाण्डेय, पुलिस अधीक्षक के पीआरओ पी.के. गुप्ता सहित थाने के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने पुलिस प्रशासन के इस कल्याणकारी कदम की सराहना की।

No comments:
Post a Comment