वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
बस्ती। बजाज चीनी मिल रुधौली के महाप्रबंधक (गन्ना) लवकुश सिंह चौहान, उप प्रबंधक (गन्ना) अनिल कुमार शुक्ला तथा गन्ना प्रबंधक अरविंद द्विवेदी ने मंगलवार को चीनी मिल गेट एवं विभिन्न गन्ना क्रय केंद्रों से जुड़े कई गन्ना प्लाटों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान बहादुरपुर, रमवापुर, बिशनपुर, सीस्वरी, पकड़ी, लकड़ा, जामसर नगर, जमवापुर, जलालपुर, हथिया, भोयर, कुम्हिया एवं बंगवान गांवों में किसानों के खेतों का जायजा लिया गया।
अधिकारियों ने किसान रामदास, जगन्नाथ, अभिमन्यु, रामभवन, रामबहोर, रामसूरत, शिवपूजन, विश्वनाथ चौधरी तथा जगदंबा सिंह सहित अन्य कृषकों से बातचीत कर गन्ना फसल की स्थिति की जानकारी प्राप्त की। इस दौरान महाप्रबंधक गन्ना लवकुश सिंह चौहान ने किसानों से अपील करते हुए कहा कि बढ़ते तापमान को देखते हुए वे सुबह और शाम नियमित रूप से अपने खेतों का निरीक्षण करें तथा यह सुनिश्चित करें कि फसल में किसी प्रकार के रोग या कीट का प्रकोप तो नहीं है।
उन्होंने कहा कि यदि फसल में रोग अथवा कीट के लक्षण दिखाई दें तो तत्काल चीनी मिल के फील्ड सुपरवाइजर से संपर्क कर मिल द्वारा उपलब्ध कराई जा रही दवाओं का उपयोग करें, जिससे उत्पादन बेहतर हो सके। उन्होंने किसानों को सलाह दी कि खेतों में पर्याप्त नमी बनाए रखें तथा उर्वरक और दवाओं का प्रयोग तभी करें जब खेत में नमी उपलब्ध हो। दवा का छिड़काव शाम के समय करना अधिक लाभकारी होता है। सिंचाई भी आवश्यकता के अनुसार करें, ताकि सुबह तक खेत में पानी जमा न रहे और केवल नमी बनी रहे।
सीनियर गन्ना अधिकारी बाल सिंधु गगन पांडे ने बताया कि गन्ना सर्वेक्षण का कार्य अंतिम चरण में युद्धस्तर पर चल रहा है। उन्होंने किसानों से सर्वेक्षण के समय अपने खेतों पर उपस्थित रहने तथा यह सुनिश्चित करने की अपील की कि उनके प्लाट का सर्वे पूरा हो गया है। उन्होंने कहा कि किसान गन्ना प्रजातियों के सत्यापन पर भी विशेष ध्यान दें।
उन्होंने बताया कि जिन किसानों की नई सदस्यता गन्ना समिति में हुई है, वे चार फोटो, आधार कार्ड, बैंक पासबुक की छायाप्रति तथा खतौनी अपने फील्ड सुपरवाइजर को उपलब्ध करा दें। वहीं जिन किसानों का सट्टा लॉक है, वे भी आधार कार्ड, बैंक पासबुक और खतौनी की प्रतियां तत्काल जमा करें, जिससे उनका सट्टा संचालित किया जा सके और भविष्य में गन्ना आपूर्ति में किसी प्रकार की समस्या न आए।
इस अवसर पर बजाज चीनी मिल के महाप्रबंधक (गन्ना) लवकुश सिंह चौहान ने नव नियुक्त जिला गन्ना अधिकारी जगभान भदोहिया को कार्यभार ग्रहण करने पर पुष्पगुच्छ भेंट कर शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में बस्ती गन्ना विकास समिति के सीनियर सीडीआई अमरनाथ दुबे, प्रवीण सिंह सहित अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।

No comments:
Post a Comment