वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
संतकबीरनगर। पुलिस अधीक्षक संतकबीरनगर संदीप कुमार मीना ने जनसुनवाई को अधिक प्रभावी, पारदर्शी एवं जनोन्मुखी बनाने के उद्देश्य से अपने कार्यालय में उपस्थित होकर फरियादियों की शिकायतों एवं समस्याओं को गंभीरतापूर्वक सुना। इस दौरान प्राप्त शिकायतों का अवलोकन कर संबंधित अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों को उनके निष्पक्ष, गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण के लिए आवश्यक निर्देश दिए।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि प्रत्येक शिकायत का संवेदनशीलता एवं प्राथमिकता के आधार पर परीक्षण किया जाए तथा निर्धारित समयावधि के भीतर उसका समाधान सुनिश्चित किया जाए। साथ ही शिकायतकर्ताओं को की गई कार्रवाई की जानकारी भी उपलब्ध कराई जाए, ताकि उन्हें न्याय मिलने का भरोसा बना रहे।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनसामान्य की समस्याओं के समाधान में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और शिकायतों के निस्तारण में पारदर्शिता बनाए रखी जाए। एसपी ने कहा कि जनसुनवाई का मुख्य उद्देश्य आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान कर पुलिस के प्रति जनता के विश्वास को और अधिक मजबूत बनाना है।
उन्होंने दोहराया कि जनपद पुलिस आमजन की समस्याओं के समाधान तथा बेहतर पुलिसिंग व्यवस्था प्रदान करने के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है।

No comments:
Post a Comment