<!--Can't find substitution for tag [blog.voiceofbasti.page]--> - Voice of basti

Voice of basti

सच्ची और अच्छी खबरें

Breaking

वॉयस ऑफ बस्ती में आपका स्वागत है विज्ञापन देने के लिए सम्पर्क करें 9598462331

Thursday, June 25, 2026

सेवा भावना से विधि व्यवसाय चुनें, निरंतर अध्ययन से मिलेगी सफलता - जनपद न्यायाधीश


बस्ती। जनपद न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष शमसुल हक ने विधि के छात्रों का आह्वान किया कि वे आम लोगों को न्याय दिलाने और सेवा भावना के उद्देश्य से विधि व्यवसाय का चयन करें। उन्होंने कहा कि विधि व्यवसाय और न्यायिक सेवा में सफलता एवं प्रतिष्ठा प्राप्त करने के लिए निरंतर अध्ययन, समयबद्धता और कठिन परिश्रम आवश्यक है।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, बस्ती के तत्वावधान में उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देशानुसार आयोजित ग्रीष्मकालीन इंटर्नशिप कार्यक्रम के समापन समारोह में प्रतिभागियों को प्रशिक्षण प्रमाण पत्र वितरित करते हुए उन्होंने कहा कि भविष्य की चुनौतियों को देखते हुए छात्रों को अपनी क्षमता के अनुरूप सही दिशा में करियर का चयन करना चाहिए। उन्होंने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि उन्होंने भी शुरुआती दिनों में दिल्ली में अधिवक्ता के रूप में कार्य शुरू किया था। न्यायिक सेवा में आने के बाद उन्होंने अनुभव किया कि एक अधिवक्ता में व्यावसायिक दक्षता के साथ संवाद कौशल और त्वरित निर्णय लेने की क्षमता भी होनी चाहिए।
समारोह में अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश प्रथम कमलेश कुमार ने प्रतिभागियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कठिन परिश्रम, लगन, ईमानदारी और निष्ठा के साथ इस क्षेत्र में आगे बढ़ने का आह्वान किया। विशेष न्यायाधीश (एससी/एसटी) राम करन यादव और विशेष न्यायाधीश आवश्यक वस्तु अधिनियम प्रमोद कुमार गिरि ने भी छात्रों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम में डीएमएसएसपी लॉ कॉलेज की छात्रा प्रियांशी सिंह, गोरखपुर विश्वविद्यालय की छात्रा श्रेया श्रीवास्तव, एपीएन पीजी कॉलेज की छात्रा मोहंती गुप्ता एवं मोहम्मद मुमताज सहित अन्य प्रतिभागियों ने भी अपने विचार व्यक्त किए। इस अवसर पर जनपद न्यायाधीश ने 146 प्रतिभागी छात्रों को प्रशिक्षण प्रमाण पत्र वितरित किए।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव देवेन्द्र कुमार-प्रथम ने जनपद न्यायाधीश का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया तथा प्रशिक्षण कार्यक्रम में सहयोग देने वाले न्यायिक अधिकारियों, जेल अधीक्षक, प्रभारी महिला थाना, पराविधिक स्वयंसेवकों और लीगल एड डिफेंस काउंसिल सिस्टम के अधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन कौशल किशोर श्रीवास्तव ने किया। समारोह में न्यायिक अधिकारियों सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Responsive Ads Here

Pages