बस्ती। नगर पंचायत बभनान में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में भारत सरकार की अमृत 2.0 (अटल मिशन फॉर रीजूवनेशन एंड अर्बन ट्रांसफॉर्मेशन) योजना के तहत संचालित पुनर्गठित पेयजल योजना तेजी से अंतिम चरण की ओर बढ़ रही है। लगभग 24.86 करोड़ रुपये की लागत वाली इस परियोजना का 88 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। योजना के पूर्ण होने पर नगर पंचायत के सभी 15 वार्डों के हजारों लोगों को नियमित, सुरक्षित एवं स्वच्छ पेयजल उपलब्ध होगा।
परियोजना के तहत 73.6 किलोमीटर लंबी पेयजल पाइपलाइन बिछाने का कार्य पूरा कर लिया गया है। साथ ही जल भंडारण और आपूर्ति व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए दो ओवरहेड टैंकों का निर्माण भी पूरा हो चुका है। योजना के अंतर्गत 5,698 घरों को नल जल कनेक्शन देने का लक्ष्य निर्धारित है, जिनमें से अब तक 2,002 परिवारों को कनेक्शन उपलब्ध कराया जा चुका है।
परियोजना की कुल स्वीकृत लागत 24.86 करोड़ रुपये है। इसके सापेक्ष अब तक 11.49 करोड़ रुपये की धनराशि जारी की जा चुकी है, जबकि कार्यदायी संस्था द्वारा 10.96 करोड़ रुपये खर्च कर विभिन्न निर्माण कार्यों और पाइपलाइन विस्तार को गति दी गई है। शेष कार्यों को भी निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
अमृत 2.0 योजना का उद्देश्य शहरी क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति व्यवस्था को सुदृढ़ करना, जल संरक्षण को बढ़ावा देना तथा प्रत्येक परिवार तक सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण पेयजल पहुंचाना है। बभनान की यह परियोजना इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है, जिससे नगरवासियों को बेहतर पेयजल सुविधा मिलने के साथ जलजनित बीमारियों में कमी आने और जीवन स्तर में सुधार की उम्मीद है।

No comments:
Post a Comment