बस्ती। जनपद में आयोजित हो रही लेखपाल भर्ती परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं नकलविहीन वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी बस्ती एवं पुलिस अधीक्षक बस्ती ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने परीक्षा कक्षों में प्रश्नपत्र वितरण प्रक्रिया, सीसीटीवी निगरानी व्यवस्था तथा सुरक्षा इंतजामों का गहन जायजा लिया।
अधिकारियों ने परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, शौचालय एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं की भी जांच की। केंद्र व्यवस्थापकों, पर्यवेक्षकों एवं ड्यूटी में तैनात कर्मचारियों को सख्त निर्देश दिए गए कि परीक्षा पूरी तरह पारदर्शिता एवं निष्पक्षता के साथ संपन्न कराई जाए। किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की चेतावनी दी गई।
पुलिस अधीक्षक बस्ती ने परीक्षा केंद्रों पर तैनात पुलिस बल को सुरक्षा व्यवस्था मजबूत बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था, अनुशासनहीनता या नकल संबंधी गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही सभी कर्मचारियों से जिम्मेदारीपूर्वक अपने दायित्वों का निर्वहन करने की अपील की गई।

No comments:
Post a Comment