वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
बस्ती। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन में दुग्धशाला विकास विभाग द्वारा संचालित नंद बाबा दुग्ध मिशन जनपद में ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती देने के साथ पशुपालकों की आय बढ़ाने का प्रभावी माध्यम बनता जा रहा है। योजना के अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2024-25 में 86 तथा वर्ष 2025-26 में अब तक 28 लाभार्थियों को लाभान्वित किया गया है। योजना के माध्यम से डेयरी इकाइयों की स्थापना, दुग्ध उत्पादन वृद्धि तथा आधुनिक पशुपालन को बढ़ावा दिया जा रहा है।
योजना से जुड़े पशुपालकों की आर्थिक स्थिति में उल्लेखनीय सुधार देखने को मिला है। विभागीय अधिकारियों के अनुसार लाभार्थियों की वार्षिक आय में औसतन 65 से 70 हजार रुपये तक की वृद्धि दर्ज की गई है। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में स्वरोजगार के नए अवसर भी सृजित हो रहे हैं।
विकासखंड बनकटी के ग्राम नगरा निवासी दयानाथ शुक्ला ने वर्ष 2024-25 में डेयरी इकाई स्थापित की। वर्तमान में उनकी वार्षिक आय लगभग एक लाख रुपये तक पहुंच गई है तथा औसत वार्षिक दुग्ध उत्पादन करीब 2000 लीटर है। वहीं मरवतिया बाबू निवासी अभिलाष सिंह उर्फ अमित सिंह ने वर्ष 2025-26 में डेयरी इकाई शुरू की, जिससे उनकी वार्षिक आय लगभग 1.70 लाख रुपये हो गई है।
सुकरौली क्षेत्र के पिथौरा चौधरी निवासी जगदंबा सिंह वर्ष 2023-24 से डेयरी इकाई का संचालन कर रहे हैं। उनकी वार्षिक आय लगभग 2.16 लाख रुपये तथा औसत वार्षिक दुग्ध उत्पादन 5400 लीटर तक पहुंच गया है। पशुपालकों का कहना है कि योजना से मिली सहायता और तकनीकी मार्गदर्शन ने पशुपालन को अधिक लाभकारी बनाया है।
दुग्धशाला विकास विभाग द्वारा पशुपालकों को प्रशिक्षण, तकनीकी सलाह तथा बेहतर नस्ल के पशुपालन के प्रति भी जागरूक किया जा रहा है। योजना ग्रामीण आत्मनिर्भरता और किसानों की आर्थिक समृद्धि की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।
No comments:
Post a Comment