गोरखपुर। उत्तर प्रदेश आशा वर्कर्स यूनियन ने अपनी विभिन्न लंबित मांगों और बकाया भुगतान को लेकर उपमुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी और मुख्य चिकित्साधिकारी के माध्यम से सौंपा। यूनियन ने आरोप लगाया कि पूर्व में हुई वार्ताओं और सहमतियों के बावजूद आशा कार्यकर्ताओं की समस्याओं का समाधान नहीं किया गया है।
ज्ञापन में कहा गया है कि 6 फरवरी 2026 को स्वास्थ्य मंत्री के साथ हुई वार्ता में कई मांगों पर सहमति बनी थी, लेकिन अब तक उनका क्रियान्वयन नहीं हुआ। आशा कार्यकर्ताओं ने वर्ष 2025-26 की लंबित प्रोत्साहन राशि, आयुष्मान गोल्डन कार्ड बनाने का भुगतान, राज्य वित्त से मिलने वाली राशि तथा विभिन्न स्वास्थ्य अभियानों में कार्य के बदले देय भुगतान शीघ्र जारी करने की मांग की है।
यूनियन ने यह भी आरोप लगाया कि आशा कार्यकर्ताओं से भुगतान के नाम पर अवैध वसूली की जा रही है, जिस पर रोक लगाने के लिए निगरानी समिति गठित करने की मांग उठाई गई है। ज्ञापन में चेतावनी दी गई कि समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं होने पर आंदोलन तेज किया जाएगा।

No comments:
Post a Comment