वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
बस्ती। बजाज चीनी मिल रुधौली अंतर्गत ग्राम हटवा, बहादुरपुर, मजहुआ व हनुमानगंज में गन्ना सर्वे कार्य का निरीक्षण चीनी मिल के इकाई प्रमुख डॉ. जेपी त्रिपाठी ने किया। इस दौरान उनके साथ महाप्रबंधक गन्ना शैलेंद्र कुमार मिश्रा, उप महाप्रबंधक गन्ना अनिल शुक्ला, गन्ना प्रबंधक अरविंद द्विवेदी, इंजीनियरिंग हेड श्रवण कुमार चौहान, प्रोडक्शन हेड मनोज तिवारी तथा गेट इंचार्ज राजेश सिंह भी मौजूद रहे।
निरीक्षण के दौरान इकाई प्रमुख ने गन्ना सर्वे प्लांट पर पहुंचकर कार्यों का जायजा लिया और सर्वे से संबंधित जानकारी प्राप्त की। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि सभी गन्ना प्लॉट का सर्वे पूरी पारदर्शिता के साथ किया जाएगा और किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि किसी प्रकार की शिकायत प्राप्त होती है तो तत्काल कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि शासन के निर्देशों के अनुरूप ही सर्वे कार्य संपन्न कराया जा रहा है।
इकाई प्रमुख ने किसानों से अपील करते हुए कहा कि हाल ही में हुई अच्छी बारिश का लाभ उठाते हुए किसान पेड़ी एवं पौधों में गुड़ाई-निराई तथा उर्वरकों का समुचित प्रयोग करें। चीनी मिल द्वारा आवश्यक दवाएं फील्ड सुपरवाइजर्स को उपलब्ध करा दी गई हैं, इसलिए किसान अपने क्षेत्रीय सुपरवाइजर से संपर्क कर दवा प्राप्त करें और फसल को रोग व कीट से सुरक्षित रखें, जिससे बेहतर उत्पादन मिल सके।
सीनियर गन्ना अधिकारी बाल सिंधु गगन पांडे ने बताया कि उत्तर प्रदेश सरकार की सर्वे नीति के अनुरूप कार्य किया जा रहा है। उन्होंने किसानों से अपील की कि सर्वे के दौरान अपने प्लॉट पर उपस्थित रहें और साथ में आधार कार्ड, मोबाइल नंबर, खतौनी तथा बैंक पासबुक की प्रति रखें। यदि किसी किसान का सट्टा लॉक है या नया सदस्य बना है तो वह तत्काल सुपरवाइजर को आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध करा दें, ताकि भविष्य में गन्ना आपूर्ति के समय किसी प्रकार की असुविधा न हो।
उन्होंने यह भी बताया कि सर्वे कार्य प्रारंभ होने से एक दिन पूर्व ही किसानों को सूचित कर दिया जाता है, ताकि वे अपने प्लॉट पर मौजूद रह सकें। इस दौरान कृषक हनुमान चौधरी, संतराम यादव, पहलाद यादव, जगदंबा प्रसाद, विशंभर पांडे, जगन्नाथ चौधरी, अभिमन्यु चौधरी, सत्य प्रकाश चौधरी एवं धर्मेंद्र पांडे सहित अन्य किसान उपस्थित रहे।

No comments:
Post a Comment