वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
बस्ती। संभागीय परिवहन अधिकारी फरीदुद्दीन एवं सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी माला बाजपेई ने बस्ती स्थित डीटीआई कटरा कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने कार्यालय की समस्त व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अधीनस्थ कर्मचारियों को साफ-सफाई बनाए रखने तथा दस्तावेजों का व्यवस्थित रखरखाव सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण में यह भी पाया गया कि कार्यालय में आगंतुकों के लिए लगाए गए आरओ की सर्विस आवश्यक है। अधिकारियों ने तत्काल आरओ की सर्विस कराने के निर्देश दिए, ताकि भीषण गर्मी में आने वाले आवेदकों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध हो सके।
वाहन फिटनेस से जुड़े मामलों के समयबद्ध निस्तारण के लिए संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन) द्वारा सुरेन्द्र कुमार, मोटरयान निरीक्षक सिद्धार्थनगर की ड्यूटी बस्ती में सप्ताह में दो दिन, बुधवार एवं बृहस्पतिवार को अग्रिम आदेशों तक निर्धारित की गई है।
इसके अतिरिक्त, 5 जून 2026 से प्रेम सागर, कनिष्ठ सहायक को डीटीआई में ड्राइविंग लाइसेंस से संबंधित सभी आवेदन पत्रों की भौतिक जांच का दायित्व सौंपा गया है। विशेष रूप से लाइसेंस नवीनीकरण एवं पता परिवर्तन के मामलों में सावधानी बरतने और सारथी पोर्टल से लाइसेंस एक्सट्रैक्ट डाउनलोड कर सत्यापन के बाद ही आगे की कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।
निरीक्षण के दौरान बायोमेट्रिक कक्ष की व्यवस्था भी देखी गई, जहां आउटसोर्सिंग कर्मचारियों द्वारा निर्धारित यूनिफॉर्म न पहनने और पहचान पत्र साथ न रखने की कमी पाई गई। इस पर अधिकारियों ने सख्त निर्देश देते हुए कहा कि सभी कर्मचारी निर्धारित वेशभूषा और पहचान पत्र के साथ ही अपने दायित्वों का निर्वहन करें।
अधिकारियों ने चेतावनी दी कि कार्यालय परिसर में किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

No comments:
Post a Comment