<!--Can't find substitution for tag [blog.voiceofbasti.page]--> - Voice of basti

Voice of basti

सच्ची और अच्छी खबरें

Breaking

वॉयस ऑफ बस्ती में आपका स्वागत है विज्ञापन देने के लिए सम्पर्क करें 9598462331

Saturday, May 23, 2026

विश्व पर्यावरण दिवस अभियान के तहत पूर्वोत्तर रेलवे में जागरूकता कार्यक्रम


गोरखपुर। पूर्वोत्तर रेलवे द्वारा ‘‘विश्व पर्यावरण दिवस’’ के उपलक्ष्य में 15 मई से 5 जून 2026 तक चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत शुक्रवार को मुख्यालय एवं विभिन्न मंडलों के प्रमुख स्टेशनों, कार्यालयों, रेलवे कॉलोनियों और चिकित्सालयों में पर्यावरण संरक्षण संबंधी विविध कार्यक्रम आयोजित किए गए।
लखनऊ मंडल में मंडल रेल प्रबंधक गौरव अग्रवाल के मार्गदर्शन में लखनऊ जंक्शन पर स्काउट एंड गाइड द्वारा नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर यात्रियों एवं कर्मचारियों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया। इस दौरान एकल उपयोग वाले प्लास्टिक के उपयोग से होने वाले नुकसान तथा कपड़े के थैले एवं बायोडिग्रेडेबल सामग्री के उपयोग के फायदे बताए गए। साथ ही गीले और सूखे कचरे के पृथक्करण, जलवायु परिवर्तन और सतत जीवनशैली को लेकर भी जागरूकता संदेश दिए गए।
वाराणसी मंडल में मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन की देखरेख में आजमगढ़, बनारस, वाराणसी सिटी, बलिया, छपरा, मऊ, देवरिया सदर, गाजीपुर सिटी, प्रयागराज रामबाग सहित विभिन्न स्टेशनों पर प्रभात फेरी, जागरूकता रैली, पोस्टर अभियान और सोशल मीडिया कैंपेन चलाए गए। यात्रियों को प्लास्टिक प्रदूषण के दुष्प्रभावों की जानकारी देने के साथ बोतल क्रशर मशीनों के उपयोग के बारे में भी बताया गया। रेलवे परिसरों में सफाई अभियान चलाकर प्लास्टिक अपशिष्ट एकत्र कर उसके निस्तारण की व्यवस्था की गई तथा पक्षियों के लिए मिट्टी के बर्तन रखने का अभियान भी संचालित किया गया।
इज्जतनगर मंडल में मंडल रेल प्रबंधक वीणा सिन्हा की निगरानी में लालकुआं, काठगोदाम, रुद्रपुर सिटी, बरेली सिटी, कासगंज, काशीपुर, हल्द्वानी, फर्रुखाबाद और पीलीभीत स्टेशनों पर विशेष जागरूकता एवं निरीक्षण अभियान चलाया गया। रेलवे स्टेशनों पर स्थापित प्लास्टिक बोतल क्रशिंग मशीनों की कार्यप्रणाली की समीक्षा की गई तथा फूड स्टॉल और कैटरिंग यूनिटों में सिंगल यूज प्लास्टिक प्रतिबंध के अनुपालन की जांच की गई। जन संबोधन प्रणाली के माध्यम से यात्रियों को प्लास्टिक उपयोग कम करने और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया।

No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Responsive Ads Here

Pages