गोरखपुर। मिशन शक्ति फेज-5.0 (फेज-2) के विशेष अभियान के अंतर्गत जनपद गोरखपुर में पुलिस द्वारा व्यापक जागरूकता कार्यक्रम चलाया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन एवं पुलिस अधीक्षक अपराध/नोडल मिशन शक्ति के पर्यवेक्षण में जनपद के समस्त थानों पर तैनात मिशन शक्ति टीम, पीआरवी व अन्य पुलिस बल ने विभिन्न स्थानों पर पहुंचकर महिलाओं व बालिकाओं को जागरूक किया।
कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं में सुरक्षा, सम्मान, स्वावलंबन, सशक्तिकरण और विश्वास का वातावरण स्थापित करना रहा। इस दौरान पुलिस टीमों ने महिलाओं को शासन की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी और उनसे जुड़े कानूनी प्रावधानों के प्रति जागरूक किया।
जागरूकता अभियान में घरेलू हिंसा से संरक्षण अधिनियम, दहेज प्रतिषेध अधिनियम, कार्यस्थल पर लैंगिक उत्पीड़न निवारण अधिनियम, पॉक्सो एक्ट, बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम, बाल श्रम कानून तथा भारतीय दंड संहिता में महिलाओं की गरिमा के विरुद्ध अपराधों से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां साझा की गईं।
इसके साथ ही महिला सुरक्षा एवं सहायता हेतु विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों जैसे 1090 (वीमेन पावर लाइन), 112 (पुलिस आपातकालीन सेवा), 1098 (चाइल्ड हेल्पलाइन), 181 (वन स्टॉप सेंटर), 1930 (साइबर हेल्पलाइन), 102 (स्वास्थ्य सेवा), 108 (एम्बुलेंस सेवा) आदि की जानकारी दी गई। पुलिस कर्मियों ने मोबाइल पर पैनिक बटन के उपयोग का डेमो भी दिया।
अभियान के दौरान पंपलेट वितरित कर स्थानीय थाने की महिला हेल्प डेस्क, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, महिला आयोग एवं अन्य सहायता मंचों के बारे में भी जानकारी प्रदान की गई। पुलिस अधिकारियों ने महिलाओं से अपील की कि किसी भी समस्या या अपराध की स्थिति में बिना झिझक संबंधित हेल्पलाइन या पुलिस से संपर्क करें।

No comments:
Post a Comment