वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
बस्ती। कप्तानगंज थाना क्षेत्र के मरवटिया पाण्डेय गांव निवासी पत्रकार गोकरन नारायण पाण्डेय ने सोमवार को पुलिस अधीक्षक बस्ती को प्रार्थना पत्र देकर विपक्षी पर उनके खेत से जबरन मिट्टी निकालकर जमीन में अवैध रास्ता बनाने का आरोप लगाया है। पीड़ित ने मामले में प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है।
दिए गए प्रार्थना पत्र के अनुसार प्रार्थी ने बताया कि वह मरवटिया पाण्डेय गांव स्थित गाटा संख्या-77 के संक्रमणीय भूमिधर एवं कब्जेदार हैं। आरोप है कि विपक्षी मनोज कुमार तिवारी पुत्र शिवप्रसाद तिवारी निवासी मौजा ऐंठी, थाना कप्तानगंज ने उनकी गैरमौजूदगी में बिना जानकारी के उक्त भूमि से मिट्टी निकालकर जमीन पाट दी और अवैध रूप से सड़क बनाकर उसे रास्ते के रूप में इस्तेमाल करने का प्रयास कर रहे हैं।
पीड़ित का कहना है कि रखिया पोखरा मार्ग से सटी होने के कारण जमीन काफी कीमती है और विपक्षी जबरन वाहन आदि ले जाकर जमीन का दुरुपयोग करना चाहते हैं, जबकि उन्हें ऐसा करने का कोई अधिकार नहीं है।
पत्रकार ने पुलिस अधीक्षक से मांग की है कि विपक्षी को तत्काल प्रभाव से जमीन पर कब्जा करने, रास्ता बनाने एवं वाहन ले जाने से रोका जाए तथा उनके खिलाफ सक्षम धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जाए।
वहीं मामले में पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह ने थाना अध्यक्ष कप्तानगंज को मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।

No comments:
Post a Comment