बस्ती। असम प्रभारी एवं पूर्व सांसद हरीश द्विवेदी ने शुक्रवार को नई दिल्ली में रेल, सूचना एवं प्रसारण तथा इलेक्ट्रॉनिकी एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव से शिष्टाचार भेंट कर जनपद बस्ती की रेलवे से जुड़ी विभिन्न समस्याओं और जनहित की मांगों को प्रमुखता से उठाया।
इस दौरान हरीश द्विवेदी ने बस्ती रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए प्लेटफार्म संख्या 1, 2 और 3 पर छाजन (शेड) की लंबाई बढ़ाने, प्लेटफार्म संख्या 1 की लंबाई एवं चौड़ाई के विस्तार, तथा स्टेशन के पश्चिमी दिशा में स्वीकृत फुट ओवर ब्रिज का निर्माण शीघ्र शुरू कराने की मांग रखी। साथ ही वर्तमान फुट ओवर ब्रिज के संकरा होने से हो रही असुविधा को दूर करने के लिए उसे चौड़ा और आधुनिक बनाने का भी अनुरोध किया।
उन्होंने गोरखपुर से मुंबई के बीच चलने वाली बंद हो चुकी स्पेशल ट्रेन संख्या 01080 को पुनः संचालित करने, बस्ती-अयोध्या एवं बस्ती-सिद्धार्थनगर नए रेल मार्ग के निर्माण कार्य में तेजी लाने, तथा अमृत भारत योजना के तहत चल रहे स्टेशन के कायाकल्प कार्य को शीघ्र पूरा कराने की भी मांग की।
इसके अलावा बस्ती और मुंडेरवा में निर्माणाधीन रेलवे ओवरब्रिज को जल्द पूरा करने, बभनान रेलवे स्टेशन पर आम्रपाली एक्सप्रेस (15909-10) और अवध असम एक्सप्रेस (15707-08) के ठहराव सुनिश्चित करने का मुद्दा भी उठाया गया। गौर रेलवे स्टेशन पर रेल आरक्षण सुविधा शुरू करने, यात्रियों के लिए वाटर कूलर की व्यवस्था और प्लेटफॉर्म विस्तार की मांग भी की गई।
मुंडेरवा रेलवे स्टेशन पर मुंबई के लिए किसी अन्य ट्रेन का ठहराव सुनिश्चित करने के साथ ही सांसद खेल महाकुंभ के दौरान किए गए अनुरोध के क्रम में रेलवे के किसी पीएसयू के सीएसआर मद से बस्ती स्टेडियम के चारों ओर सिंथेटिक ट्रैक एवं फ्लड लाइट लगाने का प्रस्ताव भी रखा गया।
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने सभी मांगों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए। हरीश द्विवेदी ने विश्वास जताया कि इन मांगों के पूरा होने से जनपद बस्ती में रेलवे सुविधाओं में सुधार होगा और क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी।

No comments:
Post a Comment