वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
संतकबीरनगर। पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना के निर्देशन में थाना महुली पर प्रशिक्षण पूर्ण कर पहुंचे नवनियुक्त आरक्षियों का भव्य स्वागत किया गया।
थानाध्यक्ष महुली दुर्गेश कुमार पाण्डेय ने समस्त पुलिस स्टाफ के साथ नवागत आरक्षियों का उत्साहपूर्वक अभिनंदन किया और मिठाई खिलाकर उनका स्वागत किया।
इस अवसर पर आरक्षियों को थाना परिसर, कार्यालय व्यवस्था, अभिलेख संधारण, ड्यूटी प्रणाली तथा कानून व्यवस्था बनाए रखने की प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही आमजन से बेहतर संवाद स्थापित करने, विनम्र व्यवहार रखने और शिकायतकर्ताओं की समस्याओं को प्राथमिकता से सुनने के लिए प्रेरित किया गया।
नव नियुक्त आरक्षियों को निष्पक्ष एवं संवेदनशील पुलिसिंग के महत्व से अवगत कराते हुए बताया गया कि अनुशासन, समयपालन, वर्दी की गरिमा तथा वरिष्ठ अधिकारियों के आदेशों का पालन प्रत्येक पुलिसकर्मी का कर्तव्य है।
इसके अतिरिक्त साइबर अपराध, महिला सुरक्षा, यातायात व्यवस्था एवं अपराध नियंत्रण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
थाना महुली परिवार ने नवागत आरक्षियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए आशा जताई कि वे निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ कार्य करते हुए विभाग एवं जनपद का नाम रोशन करेंगे।

No comments:
Post a Comment