वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
संतकबीरनगर। पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार सिंह के मार्गदर्शन एवं क्षेत्राधिकारी यातायात अमित कुमार के पर्यवेक्षण में यातायात पुलिस द्वारा विशेष अभियान चलाया गया।
प्रभारी यातायात परमहंस के नेतृत्व में आशीर्वाद मोड़ से मेहदावल बाईपास होते हुए टीवीएस एजेंसी तक अवैध अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान फुटपाथ किनारे अवैध रूप से लगाए गए ठेले, अनियमित वाहन पार्किंग एवं अवैध वाहन स्टैंड हटवाए गए।
इस दौरान अनियमितता पाए जाने पर 05 वाहनों को सीज किया गया।
यातायात प्रभारी ने आमजन को जागरूक करते हुए वाहन चलाते समय नियमों का पालन करने की अपील की। उन्होंने कहा कि वाहन पर तीन सवारी न बैठाएं, बिना नम्बर प्लेट के वाहन न चलाएं, नशे की हालत में ड्राइविंग से बचें तथा ओवरस्पीड न करें। साथ ही हेलमेट व सीट बेल्ट के प्रयोग को अनिवार्य रूप से अपनाने और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने की अपील की गई।

No comments:
Post a Comment