वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
गोरखपुर। भारतीय जनता पार्टी गोरखपुर महानगर व जिला इकाई द्वारा आयोजित महिला जन आक्रोश अभियान के तहत आयोजित प्रेस वार्ता को गोरखपुर संसदीय क्षेत्र के सांसद रवि किशन शुक्ला ने संबोधित किया।
प्रेस वार्ता में उन्होंने कहा कि 16 और 17 अप्रैल को संसद में महत्वपूर्ण विधेयकों का विरोध कर भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस, समाजवादी पार्टी, तृणमूल कांग्रेस और द्रविड़ मुनेत्र कड़गम ने देश की आधी आबादी के साथ विश्वासघात किया है और अपनी महिला विरोधी मानसिकता को उजागर किया है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्पष्ट किया है कि नीति निर्माण में महिलाओं की भागीदारी कोई उपकार नहीं, बल्कि उनका स्वाभाविक अधिकार है। जो दल इस ऐतिहासिक अवसर में बाधा बने हैं, उन्हें आगामी चुनाव में महिलाओं के आक्रोश का सामना करना पड़ेगा।
सांसद ने कहा कि विपक्षी दलों को महिलाओं का एक भी वोट नहीं मिलेगा। भारतीय जनता पार्टी महिला सशक्तिकरण और लोकतंत्र को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है तथा महिलाओं को उनका अधिकार दिलाने के लिए निरंतर संघर्ष करती रहेगी।
उन्होंने बताया कि 16 और 17 अप्रैल को संसद में संविधान (131वां संशोधन) विधेयक, परिसीमन विधेयक और केंद्र शासित प्रदेश कानून संशोधन विधेयक पर हुई चर्चा देश के लोकतांत्रिक भविष्य और महिलाओं की भागीदारी से जुड़ा महत्वपूर्ण अवसर था। विपक्ष ने इन विधेयकों का विरोध कर देश की करोड़ों माताओं, बहनों और बेटियों के साथ विश्वासघात किया है।
सांसद रवि किशन ने कहा कि यह राजनीति का नहीं, बल्कि राष्ट्रीय हित में निर्णय लेने का समय है। विपक्ष तकनीकी बहानों से जनता को भ्रमित करना चाहता है, लेकिन आज की महिलाएं जागरूक हैं और सब समझती हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष को डर है कि यदि महिलाओं को उनके अधिकार मिल गए तो उनकी राजनीतिक जमीन खिसक जाएगी।
इस अवसर पर महिला मोर्चा क्षेत्रीय अध्यक्ष अमिता गुप्ता, श्वेता श्रीवास्तव, महानगर संयोजक राजेश गुप्ता तथा जिला अध्यक्ष जनार्दन तिवारी सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

No comments:
Post a Comment