वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
संत कबीर नगर। अधीक्षक जिला कारागार कुलदीप सिंह ने बताया कि जिला कारागार संतकबीरनगर में बंदियों के पुनर्वास एवं आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से कारागार प्रशासन द्वारा स्टेट बैंक ऑफ इंडिया रूरल सेल्फ एम्प्लॉयमेंट ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट (RSETI) के सहयोग से कौशल विकास कार्यक्रम शुरू किया गया है।
कार्यक्रम का शुभारंभ कारागार अधीक्षक ने आरसेटी टीम की उपस्थिति में किया। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत बंदियों को मशरूम की खेती, सब्जी उत्पादन, अगरबत्ती एवं मोमबत्ती निर्माण, होजरी व जूट बैग निर्माण तथा पशुपालन जैसे लघु उद्योगों का प्रशिक्षण दिया जाएगा।
अधीक्षक ने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य बंदियों को उपयोगी कौशल प्रदान कर रिहाई के बाद उन्हें आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना तथा उनके जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाना है। कारागार प्रशासन का प्रयास है कि बंदी समाज की मुख्यधारा से जुड़कर सम्मानपूर्वक जीवन यापन कर सकें।

No comments:
Post a Comment