वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
संतकबीरनगर। उत्तर प्रदेश शासन द्वारा संचालित मिशन शक्ति अभियान फेज 5.0 द्वितीय चरण के तहत महिला सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन सुनिश्चित करने तथा सड़क सुरक्षा नियमों के प्रभावी क्रियान्वयन के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना के निर्देशन में जनपद के समस्त थानों द्वारा व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया।
अभियान के अंतर्गत महिला सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन को लेकर विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए तथा ग्राम चौपाल लगाकर ग्रामीणों की समस्याओं का त्वरित एवं विधिपूर्ण निस्तारण करने हेतु संवाद स्थापित किया गया।
जनपद के सभी थानों की एंटी रोमियो टीमों द्वारा बाजारों एवं सार्वजनिक स्थलों पर पहुंचकर बालिकाओं, महिलाओं एवं आमजन को मिशन शक्ति 5.0 द्वितीय चरण अभियान की जानकारी दी गई। साथ ही महिलाओं के प्रति अपराधों की रोकथाम, उनके अधिकारों की सुरक्षा एवं आत्मरक्षा के उपायों के संबंध में विस्तार से जानकारी प्रदान की गई।
कार्यक्रम के दौरान महिला हेल्पलाइन 1090, आपातकालीन सेवा 112, चिकित्सा सहायता 108, बाल सहायता नंबर 1098, साइबर हेल्पलाइन 1930 तथा साइबर अपराध पोर्टल की जानकारी देकर महिलाओं एवं छात्राओं को इन सेवाओं के उपयोग के लिए प्रेरित किया गया।
अभियान के तहत थाना कोतवाली खलीलाबाद पुलिस द्वारा शहर एवं ग्रामीण क्षेत्रों में, महिला थाना पुलिस द्वारा महिला अस्पताल में, थाना महुली पुलिस द्वारा झिंगुरापार में, थाना धनघटा पुलिस द्वारा बण्डा बाजार में, थाना बखिरा पुलिस द्वारा नन्दौर एवं दुर्गजोत में, थाना मेहंदावल पुलिस द्वारा ठाकुरद्वारा एवं मेंहदावल रोडवेज बस स्टैंड पर तथा थाना धर्मसिंहवा पुलिस द्वारा मेंहदूपार, कसया एवं सेवाइचपार में महिलाओं, बालिकाओं एवं स्कूली छात्राओं को पंपलेट वितरित कर जागरूक किया गया।
इस दौरान महिला बीट अधिकारियों एवं मिशन शक्ति टीमों ने ग्रामीण क्षेत्रों में चौपाल शैली में संवाद सत्र आयोजित कर महिलाओं को विभिन्न सरकारी योजनाओं, आत्मरक्षा के उपायों एवं हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी। साथ ही महिलाओं से निडर होकर अपनी बात रखने और अन्याय के विरुद्ध आवाज उठाने का आह्वान किया गया।

No comments:
Post a Comment