बस्ती। सूचना विभाग एवं संस्कृति विभाग, उत्तर प्रदेश द्वारा “ज्ञान भारतम् मिशन” के अंतर्गत भारत की समृद्ध ज्ञान परंपरा और बौद्धिक विरासत को संरक्षित एवं पुनर्जीवित करने की महत्वाकांक्षी पहल शुरू की गई है। मिशन के तहत देशभर में उपलब्ध भारतीय ज्ञान परंपरा से जुड़ी पाण्डुलिपियों, दुर्लभ ग्रंथों और ऐतिहासिक दस्तावेजों का वैज्ञानिक संरक्षण, डिजिटलीकरण और अभिलेखीकरण किया जाएगा, ताकि यह धरोहर शोधार्थियों, विद्यार्थियों और आम नागरिकों के लिए सुलभ हो सके।
यह जानकारी देते हुए पर्यटन अधिकारी विकास नारायण ने बताया कि जनपद बस्ती ज्ञान, दर्शन, साहित्य और संस्कृति की महत्वपूर्ण भूमि रही है। उन्होंने कहा कि यह मिशन विकसित भारत-2047 के अंतर्गत डिजिटल इंडिया की अवधारणा तथा “विरासत और विकास” के राष्ट्रीय संकल्प से जुड़ा हुआ है।
उन्होंने बताया कि मिशन के अंतर्गत विभिन्न सरकारी एवं गैर-सरकारी संस्थानों, मठों, मंदिरों, शैक्षणिक संस्थानों, निजी एवं सार्वजनिक पुस्तकालयों तथा व्यक्तिगत संग्रहों में सुरक्षित पाण्डुलिपियों, हस्तलिखित ग्रंथों, ताड़पत्रों, भोजपत्रों एवं अन्य प्राचीन दस्तावेजों की पहचान, सर्वेक्षण, कैटलॉगिंग, संरक्षण और डिजिटलीकरण का कार्य किया जाएगा।
पर्यटन अधिकारी ने अभिलेख एवं प्राचीन सामग्री धारकों से अपील की है कि वे मोबाइल नंबर 9956553368 पर संपर्क कर अपनी पाण्डुलिपियों एवं दस्तावेजों की जानकारी उपलब्ध कराएं, ताकि उन्हें डिजिटाइज कर “ज्ञान भारतम् पोर्टल” के माध्यम से आमजन के लिए उपलब्ध कराया जा सके।

No comments:
Post a Comment