<!--Can't find substitution for tag [blog.voiceofbasti.page]--> - Voice of basti

Voice of basti

सच्ची और अच्छी खबरें

Breaking

वॉयस ऑफ बस्ती में आपका स्वागत है विज्ञापन देने के लिए सम्पर्क करें 9598462331

Tuesday, May 19, 2026

पर्यटन विकास कार्यों का डीएम ने किया औचक निरीक्षण, कांवड़ यात्रा की तैयारियां समय से पूरी करने के निर्देश


बस्ती। जिलाधिकारी श्रीमती कृत्तिका ज्योत्स्ना ने मंगलवार को विकास खण्ड सदर एवं हर्रैया क्षेत्र के विभिन्न धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों का औचक निरीक्षण कर निर्माण एवं विकास कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्थाओं को लंबित कार्यों को समयबद्ध ढंग से पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने सबसे पहले बाबा भदेश्वरनाथ मंदिर, महादेवा स्थित रामजानकी मंदिर, ग्राम परिवारपुर स्थित परमहंस धाम मंदिर तथा दुबौलिया क्षेत्र के बेमहरी स्थित बाबा परमहंस धाम मंदिर का निरीक्षण किया। बाबा भदेश्वरनाथ मंदिर के निरीक्षण के दौरान उन्होंने पर्यटन अधिकारी विकास नारायण को आगामी कांवड़ यात्रा के दृष्टिगत सभी आवश्यक तैयारियां समय से पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
महादेवा स्थित रामजानकी मंदिर में निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने पाया कि निर्माण स्थल पर लेबर एवं मिस्त्री कार्यरत नहीं थे। इस पर कार्यदायी संस्था द्वारा बताया गया कि सेटरिंग का कार्य अगले दिन से प्रारंभ किया जाएगा।
हर्रैया क्षेत्र के ग्राम परिवारपुर स्थित परमहंस धाम मंदिर यात्री हाल के निरीक्षण में निर्माण कार्य लगभग पूर्ण पाया गया, जबकि प्लास्टर का कार्य शेष था। जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि जून माह तक हरहाल में कार्य पूर्ण कर लिया जाए। साथ ही पर्यटन अधिकारी को निर्देशित किया कि 50 लाख रुपये से अधिक लागत वाली परियोजनाओं को समीक्षा बैठकों में अनिवार्य रूप से शामिल किया जाए।
दुबौलिया क्षेत्र के ग्राम बेमहरी स्थित बाबा परमहंस धाम मंदिर में निर्माण कार्य पूर्ण मिला, लेकिन पानी की टोटी एवं सीढ़ियों की रेलिंग का कार्य अधूरा पाया गया। जिलाधिकारी ने संबंधित संस्था को शेष कार्य शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान पर्यटन अधिकारी ने घाट निर्माण कार्य के संबंध में जानकारी दी कि सिंचाई विभाग से अनुमति प्राप्त करने हेतु संशोधित ड्राइंग के साथ पुनः प्रस्ताव भेजा गया है और स्थानीय लोगों की मांग के अनुरूप संशोधन किया गया है।
इस अवसर पर पर्यटन अधिकारी विकास नारायण, सीएण्डडीएस के अधिशासी अभियंता जय प्रकाश यादव, जल निगम इकाई-34 के आरसी शुक्ला, उत्तर प्रदेश राज्य पर्यटन विकास निगम के सहायक परियोजना प्रबंधक गौरव प्रताप सिंह, सहायक अभियंता अभय गुप्ता सहित संबंधित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Responsive Ads Here

Pages