वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
बस्ती। वर्तमान अंतर्राष्ट्रीय परिस्थितियों के दृष्टिगत प्रधानमंत्री भारत सरकार द्वारा देश के नागरिकों से बुलियन एवं सोने की अनावश्यक खरीद से बचने तथा आर्थिक संतुलन बनाए रखने की अपील के क्रम में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी श्रीमती कृत्तिका ज्योत्स्ना की अध्यक्षता में संबंधित अधिकारियों, व्यापार मंडल एवं सर्राफा व्यापारियों के प्रतिनिधियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि वर्तमान वैश्विक परिस्थितियों का प्रभाव विभिन्न देशों की अर्थव्यवस्था एवं बाजार व्यवस्था पर पड़ रहा है। ऐसी स्थिति में केंद्र सरकार द्वारा आमजन से संयमित व्यवहार अपनाने और अनावश्यक रूप से सोना एवं बुलियन की खरीदारी से बचने की अपील की गई है, ताकि बाजार पर अनावश्यक दबाव न पड़े और आर्थिक संतुलन बना रहे।
उन्होंने सर्राफा व्यापारियों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए कहा कि उनके समाधान के लिए आवश्यक कार्यवाही की जाएगी। कोविड काल का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि उस कठिन समय में समाज के सभी वर्गों के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई थीं और सर्राफा व्यवसायियों ने भी सहयोग प्रदान किया था। सरकार द्वारा वैक्सीनेशन, ऑक्सीजन सिलेंडर सहित अन्य व्यवस्थाएं बेहतर ढंग से संचालित की गई थीं।
जिलाधिकारी ने टैरिफ नीति 2025 पर प्रकाश डालते हुए कहा कि कठिन समय स्थायी नहीं होता। वर्तमान में शासन स्तर से जो अपील और गाइडलाइन जारी की जा रही हैं, उनका जिम्मेदार नागरिक के रूप में पालन किया जाना चाहिए। उन्होंने विदेशी मुद्रा भंडार में हो रहे उतार-चढ़ाव की जानकारी देते हुए कहा कि सरकार हर समस्या के समाधान के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने स्वर्ण व्यवसायियों से कहा कि मुख्यमंत्री उद्यमी योजना के तहत पांच लाख रुपये तक का ऋण उपलब्ध कराया जाता है। यदि व्यापारी अन्य व्यवसाय शुरू करना चाहें तो इस योजना का लाभ उठा सकते हैं।
पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह ने कहा कि व्यापारियों की समस्याओं को नोट कर लिया गया है और सुरक्षा संबंधी मुद्दों पर पुलिस विभाग पूरी तरह सतर्क है। उन्होंने कहा कि सभी चौकी प्रभारियों को आवश्यक निर्देश दिए जाएंगे। सर्राफा व्यापारियों ने भी बैठक में सुरक्षा संबंधी समस्याओं को अधिकारियों के समक्ष रखा।
बैठक में अपर जिलाधिकारी प्रतिपाल सिंह चौहान, उपायुक्त वाणिज्यकर प्रभाकर सरोज, उपायुक्त प्रशासन राज्यकर उपेंद्र यादव, जिलाध्यक्ष सर्राफा कुंदन वर्मा, प्रदेश उपाध्यक्ष व्यापार संगठन जगदीश अग्रहरि, विश्वनाथ वर्मा सहित अन्य सर्राफा प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

No comments:
Post a Comment