बस्ती। संस्कृति विभाग, उत्तर प्रदेश द्वारा ‘ज्ञान भारतम् मिशन’ के अंतर्गत भारत की समृद्ध ज्ञान परंपरा और बौद्धिक विरासत को पुनर्जीवित करने की महत्वाकांक्षी राष्ट्रीय पहल शुरू की गई है। इस मिशन के तहत देशभर में उपलब्ध भारतीय ज्ञान परंपरा से जुड़ी पांडुलिपियों एवं दुर्लभ ग्रंथों का वैज्ञानिक संरक्षण, डिजिटलीकरण और अभिलेखीकरण किया जाएगा, ताकि यह धरोहर शोधार्थियों, विद्यार्थियों और आम नागरिकों के लिए सुलभ हो सके।
यह जानकारी देते हुए पर्यटन अधिकारी विकास नारायण ने बताया कि जनपद बस्ती ज्ञान, दर्शन, साहित्य और संस्कृति की महत्वपूर्ण भूमि रही है। उन्होंने कहा कि यह मिशन विकसित भारत-2047 के अंतर्गत डिजिटल इंडिया की परिकल्पना तथा “विरासत और विकास” के राष्ट्रीय संकल्प से जुड़ा हुआ है।
उन्होंने बताया कि ज्ञान भारतम् मिशन के अंतर्गत विभिन्न सरकारी एवं गैर सरकारी संस्थानों, मठों, मंदिरों, शैक्षणिक संस्थानों, निजी एवं सार्वजनिक पुस्तकालयों तथा व्यक्तियों के पास उपलब्ध पांडुलिपियों, हस्तलिखित ग्रंथों, ताड़पत्रों, भोजपत्रों एवं अन्य ऐतिहासिक दस्तावेजों की पहचान, सर्वेक्षण, कैटालॉगिंग, संरक्षण एवं डिजिटलीकरण का कार्य किया जाएगा।
पर्यटन अधिकारी ने अपील करते हुए कहा कि जिन लोगों के पास इस प्रकार की पांडुलिपियां अथवा ऐतिहासिक अभिलेख उपलब्ध हों, वे मोबाइल नंबर 9956553368 पर पर्यटन अधिकारी से संपर्क कर सकते हैं, जिससे डिजिटाइज्ड पांडुलिपियों को ज्ञान भारतम् पोर्टल के माध्यम से आमजन के लिए उपलब्ध कराया जा सके।

No comments:
Post a Comment