गोरखपुर। समाजसेवी कुलदीप पांडेय ने समाजसेवा के क्षेत्र के बाद अब राजनीति में कदम रखते हुए “राष्ट्रीय सर्व जनकल्याण संकल्प पार्टी” का गठन किया है। इस घोषणा के साथ ही क्षेत्र के युवाओं और समर्थकों में उत्साह का माहौल देखने को मिला।
कुलदीप पांडेय ने कहा कि उनकी पार्टी का उद्देश्य समाज के प्रत्येक वर्ग की समस्याओं को मजबूती से उठाना और जनहित के मुद्दों पर संघर्ष करना है। उन्होंने बताया कि आज देश और प्रदेश की राजनीति को नई दिशा देने की आवश्यकता है, क्योंकि आम जनता बेरोजगारी, शिक्षा, स्वास्थ्य और महंगाई जैसी समस्याओं से जूझ रही है, लेकिन उनकी आवाज को प्रभावी रूप से उठाने वाला नेतृत्व कमजोर दिखाई देता है।
उन्होंने कहा कि “राष्ट्रीय सर्व जनकल्याण संकल्प पार्टी” जाति और धर्म की राजनीति से ऊपर उठकर समाज के हर वर्ग के लिए कार्य करेगी। पार्टी का मुख्य फोकस गरीबों, किसानों, मजदूरों, महिलाओं और युवाओं के अधिकारों की रक्षा पर रहेगा। इसके साथ ही गांवों में विकास की गति तेज करने, युवाओं को रोजगार से जोड़ने और शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए भी निरंतर कार्य किया जाएगा।
कुलदीप पांडेय ने युवाओं से अपील करते हुए कहा कि राजनीति में साफ छवि और ईमानदार सोच वाले लोगों का आगे आना जरूरी है। यदि युवा सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ेंगे तो समाज में निश्चित रूप से बदलाव दिखाई देगा।
उन्होंने बताया कि आने वाले समय में पार्टी द्वारा जनसंपर्क अभियान चलाकर गांव-गांव और शहर-शहर लोगों से संवाद स्थापित किया जाएगा तथा उनकी समस्याओं को प्रशासन और सरकार तक पहुंचाकर समाधान के लिए संघर्ष किया जाएगा।
स्थानीय युवाओं और प्रबुद्ध वर्ग ने उनके इस कदम को सकारात्मक राजनीति की शुरुआत बताते हुए समर्थन व्यक्त किया है। राजनीतिक जानकार भी इसे युवाओं की नई राजनीतिक सोच और बदलाव की पहल के रूप में देख रहे हैं।

No comments:
Post a Comment