बस्ती। सेवानिवृत्त कर्मचारी एवं पेंशनर्स एसोसियेशन द्वारा कर्मचारियों के मसीहा एवं कर्मरत्न स्व. बी.एन. सिंह की पुण्यतिथि पर सोमवार को प्रेस क्लब सभागार में श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। कार्यक्रम में पेंशनरों ने स्व. सिंह के चित्र पर माल्यार्पण कर उनके योगदान को याद किया। सभा की अध्यक्षता एसोसियेशन के संरक्षक गणेशदत्त शुक्ल ने तथा संचालन जिला मंत्री उदय प्रताप पाल ने किया।
जिलाध्यक्ष नरेन्द्र बहादुर उपाध्याय ने कहा कि स्व. बीएन सिंह अंतिम सांस तक कर्मचारियों के हितों की लड़ाई लड़ते रहे। उनके कार्यकाल में कर्मचारियों के हित में अनेक महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल हुईं। उन्होंने कहा कि सेवापरांत प्रत्येक कर्मचारी को संगठन के प्रति समर्पित रहना चाहिए।
जिला मंत्री उदय प्रताप पाल ने कहा कि स्व. बीएन सिंह के नेतृत्व में ही केंद्र एवं प्रदेश के समान वेतन और महंगाई भत्ते की मांग पूरे प्रदेश में जोर-शोर से उठी थी। आंदोलन के बाद मिली सफलता का लाभ आज लाखों कर्मचारियों को मिल रहा है। उन्होंने कहा कि स्व. सिंह आजीवन राजनीतिक दलों से दूर रहकर संगठन के प्रति समर्पित रहे।
श्रद्धांजलि सभा में नरेन्द्रदेव मिश्र, श्यामधर सोनी, श्रीनाथ मिश्र, राधेश्याम तिवारी, अशोक कुमार मिश्रा, इंजी. रामचन्द्र शुक्ल एवं चन्द्रप्रकाश पाण्डेय सहित अन्य वक्ताओं ने कहा कि स्व. बीएन सिंह ने सड़क से लेकर सदन तक कर्मचारियों की आवाज बुलंद की। उनकी नेतृत्व क्षमता के कारण ही वे विधान परिषद सदस्य चुने गए थे।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पेंशनर्स एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने स्व. बीएन सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित कर उनके संघर्ष और योगदान को याद किया।

No comments:
Post a Comment