गोरखपुर। वार्ड संख्या 54 उर्वरक नगर, भगवानपुर चौहान टोला स्थित केबीएस यूनिक स्कूल मार्ग पर बांस-बल्ली के सहारे की जा रही बिजली आपूर्ति से स्थानीय लोगों में गंभीर दुर्घटना की आशंका बनी हुई है।
स्थानीय समाजसेवी कुलदीप पाण्डेय ने बताया कि लगभग 15 घरों को 300 मीटर दूरी तक विद्युत पोल की सुविधा उपलब्ध नहीं है, जिसके चलते उपभोक्ता मजबूरी में बांस-बल्ली के सहारे दूर स्थित पोल से कनेक्शन लेकर बिजली उपयोग कर रहे हैं। यह व्यवस्था कई वर्षों से इसी तरह चल रही है।
उन्होंने बताया कि क्षेत्र में 4 से 5 नए विद्युत पोल लगाए जाने और सभी पोल पर स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था किए जाने की आवश्यकता है, ताकि मार्ग पर प्रकाश व्यवस्था सुदृढ़ हो सके और दुर्घटनाओं की संभावना कम हो।
ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र के सभी घरों में बिजली कनेक्शन होने और नियमित भुगतान के बावजूद पोल की समस्या का समाधान नहीं हो सका है। इससे सरकार की हर घर बिजली पहुंचाने की योजना पर भी सवाल उठ रहे हैं।
कुलदीप पाण्डेय ने मुख्यमंत्री, ऊर्जा मंत्री, बिजली विभाग गोरखपुर, एसडीओ मोहद्दीपुर, स्थानीय पार्षद एवं संबंधित अधिकारियों से शीघ्र स्थल निरीक्षण कर आवश्यक पोल लगाने की मांग की है।
उन्होंने यह भी बताया कि बारिश, आंधी-तूफान के समय बांस-बल्ली के सहारे लगे तार टूटकर गिरने का खतरा बना रहता है, जिससे जनहानि की आशंका रहती है। स्थानीय लोगों ने जल्द से जल्द समस्या के समाधान की मांग की है।

No comments:
Post a Comment