वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
बस्ती। वाल्टरगंज स्थित गोविन्द नगर शुगर मिल में कार्यरत रहे रिटायर श्रमिक स्वर्गीय राम दरस राजभर की आकस्मिक मृत्यु से आक्रोशित मिल श्रमिकों ने मिल गेट पर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। श्रमिकों का आरोप है कि बेटी की शादी के लिए बकाया भुगतान समय से न मिलने के कारण वे लगातार मानसिक तनाव में थे, जिसके चलते उनकी हृदयघात से मृत्यु हो गई।
मिल श्रमिकों के अनुसार, ग्राम भरौली बाबू, वाल्टरगंज निवासी स्वर्गीय राम दरस राजभर विगत कई महीनों से अपने बकाया भुगतान के लिए मिल प्रबंधन व उच्च अधिकारियों के चक्कर काटते रहे, लेकिन उन्हें उनका पैसा नहीं मिल सका। श्रमिकों ने कहा कि यदि समय पर भुगतान हो जाता, तो संभवतः यह घटना टाली जा सकती थी।
प्रदर्शन के दौरान विकास सिंह ने कहा कि मिल श्रमिकों को सरकार और मिल प्रबंधन की ओर से लगातार उपेक्षा का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही श्रमिकों का बकाया भुगतान नहीं किया गया और मिल की मरम्मत कर उसे पुनः चालू नहीं कराया गया, तो आंदोलन को और उग्र रूप दिया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी मिल प्रबंधन और संबंधित अधिकारियों की होगी।
धरने में विकास ठाकुर, महेंद्र प्रताप चौधरी, रामतौल, संजय सिंह, शत्रुघ्न, प्रकाश सिंह, विष्णु प्रताप सिंह, अजय कुमार सिंह, अनिल सिंह, मेवालाल विश्वकर्मा, रामजतन, हरिश्चंद्र, गंगादत्त त्रिपाठी, सत्येंद्र बहादुर सिंह, सुनील कुमार राव, चितमान सिंह, झिनकान, रामचंदर, धीरेन्द्र प्रताप सिंह, राजकुमार सहित अन्य मिल श्रमिक मौजूद रहे।

No comments:
Post a Comment