<!--Can't find substitution for tag [blog.voiceofbasti.page]--> - Voice of basti

Voice of basti

सच्ची और अच्छी खबरें

Breaking

वॉयस ऑफ बस्ती में आपका स्वागत है विज्ञापन देने के लिए सम्पर्क करें 9598462331

Sunday, May 3, 2026

स्मार्ट मीटर के खिलाफ प्रदेशभर में आप का प्रदर्शन, गोरखपुर में गरजे कार्यकर्ता


गोरखपुर। उत्तर प्रदेश में स्मार्ट मीटर को लेकर बढ़ते विरोध के बीच आम आदमी पार्टी (आप) ने शनिवार को प्रदेशभर में जोरदार प्रदर्शन किया। पार्टी कार्यकर्ताओं ने जिला विद्युत उपकेंद्रों पर एकत्र होकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन प्रशासन को सौंपा। गोरखपुर में भी प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं की मौजूदगी ने इस मुद्दे को और गर्मा दिया।
जिलाध्यक्ष विजय कुमार श्रीवास्तव ने सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि “स्मार्ट मीटर अब ‘स्मार्ट चीटर’ बन चुके हैं, जो आम जनता की जेब पर सीधा डाका डाल रहे हैं।” उन्होंने आरोप लगाया कि प्रीपेड सिस्टम के चलते उपभोक्ताओं को बार-बार रिचार्ज कराना पड़ रहा है, जबकि रिचार्ज के बाद भी घंटों बिजली बहाल नहीं होती।
उन्होंने कहा कि पहले जहां लोगों का बिजली बिल 1000–1500 आता था, अब वही बढ़कर 6000–7000 तक पहुंच रहा है। “यह तकनीकी सुधार नहीं, बल्कि डिजिटल लूट है,” उन्होंने कहा।
श्रीवास्तव ने दावा किया कि करीब 20,000 करोड़ की स्मार्ट मीटर परियोजना में बड़े स्तर पर अनियमितताओं और कमीशनखोरी की आशंका है। उन्होंने कहा कि सरकार इसे वैकल्पिक बताती है, लेकिन जमीनी स्तर पर लोगों के घरों में जबरन प्रीपेड मीटर लगाए जा रहे हैं।
किसानों की परेशानी का मुद्दा उठाते हुए उन्होंने कहा कि नलकूपों पर लगाए जा रहे 4G स्मार्ट मीटर नेटवर्क की समस्या के कारण सही ढंग से काम नहीं कर रहे हैं, जिससे सिंचाई प्रभावित हो रही है और किसानों को अधिक बिल का सामना करना पड़ रहा है।
आशीष कुशवाहा ने बताया कि ज्ञापन में मांग की गई है कि स्मार्ट मीटर योजना को तत्काल रोका जाए, पूरे प्रोजेक्ट की निष्पक्ष जांच कराई जाए और प्रभावित उपभोक्ताओं को मुआवजा दिया जाए। साथ ही शिकायत निवारण प्रणाली को मजबूत करने की भी मांग रखी गई।
आप नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई, तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा और यह लड़ाई सड़क से लेकर सदन तक लड़ी जाएगी।
प्रदर्शन में अमिताभ जायसवाल, मोहम्मद कलीम, डॉ. वाहिद रहमान, राजेश राजभर, सूरज पांडे, अनिरुद्ध यादव, वाल्मीकि शर्मा, संजीव गुप्ता समेत कई कार्यकर्ता शामिल रहे।

No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Responsive Ads Here

Pages