बस्ती। जिलाधिकारी के निर्देशन में तहसील हर्रैया में जिला स्तरीय सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन अपर जिलाधिकारी प्रतिपाल सिंह चौहान की अध्यक्षता में सम्पन्न हुआ। इस दौरान उन्होंने जनसमस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए।
अपर जिलाधिकारी ने विशेष रूप से राजस्व वादों के निस्तारण पर जोर देते हुए कानूनगो एवं लेखपालों को निर्देशित किया कि वे विवादित स्थलों पर जाने से पूर्व दोनों पक्षों को सूचित करें और मौके पर निष्पक्षता व पारदर्शिता के साथ सुनवाई सुनिश्चित करें।
कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक श्याम कान्त ने भी फरियादियों की समस्याएं सुनीं और थानाध्यक्षों को निर्देश दिया कि सभी मामलों का त्वरित एवं निष्पक्ष निस्तारण किया जाए।
उप जिलाधिकारी हर्रैया सत्येन्द्र कुमार सिंह ने जानकारी दी कि कुल 69 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 8 का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। प्राप्त मामलों में राजस्व विभाग के 32, पुलिस के 14, विकास से जुड़े 12, विद्युत विभाग के 9 तथा अन्य 2 मामले शामिल रहे।
इस अवसर पर डीएफओ डॉ. शिरीन, सीएमओ डॉ. राजीव निगम, पीडी राजेश कुमार, मुख्य पशुचिकित्साधिकारी डॉ. ए.के. गुप्ता, एलडीएम आर.एन. मौर्या, समाज कल्याण अधिकारी लालजी यादव, पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी रेखा गुप्ता, डीसीओ अंगद सिंह, मत्स्य अधिकारी संदीप वर्मा सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

No comments:
Post a Comment