वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
बस्ती। भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी शाखा बस्ती द्वारा मजदूर दिवस के अवसर पर रेलवे स्टेशन स्थित माल गोदाम पर हीट वेव और बढ़ती गर्मी को देखते हुए मजदूरों को जागरूक किया गया तथा राहत सामग्री का वितरण किया गया।
पुरानी बस्ती स्थित रेलवे स्टेशन माल गोदाम पर सोसाइटी के पदाधिकारी एवं सदस्यों ने सीमेंट की रैक उतारने वाले मजदूरों को तेज धूप और गर्मी से बचाव के उपाय बताए। इस दौरान मजदूरों को गमछा, मास्क, बिस्कुट और पानी वितरित किया गया, ताकि वे काम करते समय सुरक्षित रह सकें।
सोसाइटी के नव चयनित सभापति संतोष सिंह ने मजदूरों को संबोधित करते हुए कहा कि काम के दौरान सबसे पहले अपने स्वास्थ्य का ध्यान रखना जरूरी है। जब व्यक्ति स्वस्थ रहेगा तभी उसका परिवार भी सुरक्षित रहेगा।
उपसभापति लक्ष्मीकांत पांडे ने बताया कि सीमेंट उतारते समय उससे निकलने वाली धूल से बचाव बेहद आवश्यक है। यह धूल हवा के माध्यम से सांस के जरिए फेफड़ों तक पहुंचकर नुकसान पहुंचा सकती है।
सचिव रंजीत श्रीवास्तव ने भीषण गर्मी और हीट वेव से बचने के उपाय बताते हुए कहा कि शरीर में पानी की कमी न होने दें, समय-समय पर पानी पीते रहें और सिर को ढककर ही काम करें।
इस अवसर पर कोषाध्यक्ष राजेश कुमार ओझा, कार्यकारिणी सदस्य उमेश श्रीवास्तव, राहुल श्रीवास्तव, सरदार सरबजीत सिंह, आनंद पाटिल, मनोज यादव, इमरान अली सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

No comments:
Post a Comment