लखनऊ। श्रम दिवस के मौके पर शुक्रवार को यूपी वर्किंग जर्नलिस्ट यूनियन (यूपीडब्लूजेयू) ने उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक को पत्रकारों के कल्याण व समस्याओं से संबंधित ज्ञापन सौंपा। इस अवसर पर लखीमपुर, बहराइच सहित प्रदेश के विभिन्न जिलों में संगठन की इकाइयों द्वारा कार्यक्रम आयोजित किए गए।
यूपीडब्लूजेयू के प्रदेश अध्यक्ष टी.बी. सिंह के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने उपमुख्यमंत्री से मुलाकात कर पत्रकारों की समस्याओं और उनके कल्याण से जुड़े मुद्दों पर विस्तृत ज्ञापन सौंपा। उपमुख्यमंत्री ने श्रम दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इन मांगों पर जल्द से जल्द कार्रवाई कराने का प्रयास किया जाएगा।
ज्ञापन में प्रमुख रूप से प्रदेश के सभी श्रमजीवी पत्रकारों को अधिवर्षता के बाद पेंशन सुविधा प्रदान करने, पत्रकार सुरक्षा कानून लागू करने, मुख्यालय व जिलों में रियायती दरों पर आवास या भूखंड उपलब्ध कराने की योजना शुरू करने, तथा पीजीआई, केजीएमयू और लोहिया अस्पताल में मान्यता प्राप्त पत्रकारों के लिए निशुल्क इलाज की व्यवस्था लागू करने की मांग की गई। इसके अलावा सभी सरकारी अस्पतालों में पत्रकारों के लिए अलग काउंटर, पर्चा व दवा की सुविधा बहाल करने और असमय निधन होने पर पत्रकारों के परिजनों को आर्थिक सहायता देने की मांग भी उठाई गई।
प्रतिनिधिमंडल में सिद्धार्थ कलहंस, उत्कर्ष सिन्हा, आचार्य अजय त्रिवेदी और राजेश मिश्रा शामिल रहे।
लखनऊ के कार्यक्रम के बाद प्रदेश अध्यक्ष टी.बी. सिंह बहराइच और लखीमपुर पहुंचे, जहां श्रम दिवस पर आयोजित कार्यक्रमों में उन्होंने भाग लिया। लखीमपुर में जिला इकाई अध्यक्ष कुलदीप पाहवा के नेतृत्व में पत्रकारों ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा, जबकि बहराइच में जिला अध्यक्ष मसूद कादरी के नेतृत्व में पत्रकारों ने उनका स्वागत करते हुए अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा।

No comments:
Post a Comment