बस्ती। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली एवं उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देशानुसार 9 मई 2026 को जनपद न्यायालय बस्ती में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन माननीय प्रशासनिक न्यायमूर्ति बस्ती मंडल श्री राम मनोहर नारायण मिश्र द्वारा किया गया।
राष्ट्रीय लोक अदालत के अंतर्गत परिवार न्यायालय एवं अपर परिवार न्यायालय में लंबित पारिवारिक वादों का निस्तारण किया गया। प्रधान न्यायाधीश परिवार न्यायालय कु. आराधना रानी के न्यायालय में कुल 18 वाद तथा अपर प्रधान न्यायाधीश परिवार न्यायालय श्रीमती मौसमी मध्येशिया के न्यायालय में 14 वादों का निस्तारण हुआ।
इस दौरान प्रधान न्यायाधीश परिवार न्यायालय से 4 तथा अपर प्रधान न्यायाधीश परिवार न्यायालय से 2 दंपत्तियों ने आपसी सुलह-समझौते के आधार पर पुनः साथ रहने का निर्णय लिया। न्यायालय परिसर में भावुक माहौल देखने को मिला, जब पाँच जोड़ों ने एक-दूसरे को माला पहनाकर नए जीवन की शुरुआत का संकल्प लिया।
माननीय प्रशासनिक न्यायमूर्ति श्री राम मनोहर नारायण मिश्र ने न्यायालय परिसर एवं परिवार न्यायालय कक्ष का भ्रमण भी किया। इस अवसर पर जनपद न्यायाधीश बस्ती श्री शमसुल हक, नोडल अधिकारी राष्ट्रीय लोक अदालत एवं सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सहित अन्य न्यायिक अधिकारी उपस्थित रहे।
प्रशासनिक न्यायमूर्ति ने सभी दंपत्तियों को सुखद वैवाहिक जीवन एवं नई शुरुआत के लिए शुभकामनाएँ दीं। उक्त जानकारी सचिव (पूर्णकालिक) जिला विधिक सेवा प्राधिकरण देवेन्द्र कुमार-प्रथम द्वारा दी गई।

No comments:
Post a Comment