वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
लखनऊ। राजस्व आसूचना निदेशालय (DRI) ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए काठमांडू से दिल्ली जा रही बस के एक यात्री के पास से 5.24 किलोग्राम हेरोइन बरामद की है। बरामद मादक पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय अवैध बाजार में कीमत लगभग 10.48 करोड़ आंकी गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार DRI अधिकारियों को खुफिया सूचना मिली थी कि काठमांडू से दिल्ली जा रही बस में यात्रा कर रहा एक व्यक्ति भारी मात्रा में मादक पदार्थ लेकर जा रहा है। सूचना के आधार पर अधिकारियों ने निगरानी बढ़ाई और 20 मई 2026 की सुबह लगभग 4 बजे लखनऊ में संदिग्ध यात्री को रोककर उसकी जांच की।
तलाशी के दौरान यात्री के सामान से दो पैकेटों में रखा 5240 ग्राम सफेद पाउडरनुमा पदार्थ बरामद हुआ। मौके पर किए गए फील्ड टेस्ट में उक्त पदार्थ हेरोइन पाया गया। इसके बाद अधिकारियों ने एनडीपीएस अधिनियम 1985 के तहत कार्रवाई करते हुए हेरोइन को जब्त कर आरोपी यात्री को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी को माननीय अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश, एनडीपीएस न्यायालय, लखनऊ के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
डीआरआई के अनुसार पिछले छह महीनों में लखनऊ में कुल 21.34 किलोग्राम हेरोइन जब्त की जा चुकी है, जिसकी अवैध बाजार में अनुमानित कीमत लगभग ₹42.68 करोड़ बताई गई है।

No comments:
Post a Comment