वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
लखनऊ। भारत सरकार के गृह मंत्रालय के अधीन कार्यरत कस्टोडियन ऑफ एनिमी प्रॉपर्टी फॉर इंडिया (CEPI) द्वारा उत्तर प्रदेश के विभिन्न जनपदों में स्थित शत्रु संपत्तियों की ई-नीलामी 25 मई 2026 को आयोजित की जाएगी। यह नीलामी एमएसटीसी ई-ऑक्शन पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन संपन्न होगी।
ई-नीलामी में लखनऊ की 1, पीलीभीत की 3, एटा की 6, अयोध्या की 3, मुजफ्फरनगर की 2, बांदा की 2, सुल्तानपुर की 1, बिजनौर की 10, बाराबंकी की 1, कौशाम्बी की 22 तथा मुरादाबाद की 4 संपत्तियां शामिल की गई हैं। यह पूरी प्रक्रिया Enemy Property Act, 1968 तथा वर्ष 2017 में किए गए संशोधनों के तहत केंद्र सरकार की पूर्व स्वीकृति से कराई जा रही है।
नीलामी के व्यापक प्रचार-प्रसार के उद्देश्य से संबंधित अधिकारियों द्वारा विभिन्न जिलों में विशेष प्रचार शिविर लगाए गए। अधिकारियों ने संपत्तियों का स्थलीय निरीक्षण भी किया तथा जिला प्रशासन के साथ बैठक कर नीलामी प्रक्रिया को सफल बनाने के लिए समन्वय स्थापित किया।
इसी क्रम में CEPI शाखा कार्यालय, केंद्रीय भवन अलीगंज में उद्घाटन समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ पत्र सूचना कार्यालय लखनऊ के निदेशक श्री दिलीप कुमार शुक्ल ने फीता काटकर किया। उन्होंने नीलामी प्रक्रिया के अधिकाधिक प्रचार-प्रसार पर जोर दिया।
कार्यक्रम में अभिरक्षक शत्रु संपत्ति कार्यालय लखनऊ के उपसचिव राजेंद्र कुमार ने बताया कि अब तक उत्तर प्रदेश में लगभग 300 शत्रु संपत्तियों की नीलामी हो चुकी है, जिससे भारत सरकार को करीब 150 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ है। उन्होंने लोगों से बड़ी संख्या में नीलामी प्रक्रिया में भाग लेने की अपील की।
इच्छुक बोलीदाता एमएसटीसी पोर्टल पर पंजीकरण कर निर्धारित नियमों एवं शर्तों के अनुसार ई-नीलामी में भाग ले सकते हैं। कार्यक्रम के अंत में इंस्पेक्टर अनुराग सक्सेना ने धन्यवाद ज्ञापित किया।

No comments:
Post a Comment