गोरखपुर। मुख्यमंत्री के गृह जनपद गोरखपुर ने एक बार फिर अपनी उत्कृष्ट कार्यशैली का परिचय देते हुए 8वें पोषण पखवाड़ा 2026 में पूरे प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। 9 से 23 अप्रैल तक चले इस अभियान के दौरान बाल विकास विभाग द्वारा लगभग 2.02 लाख गतिविधियों का सफल आयोजन एवं फीडिंग की गई।
जिलाधिकारी दीपक मीणा और मुख्य विकास अधिकारी शाश्वत त्रिपुरारी के निर्देशन में जिला कार्यक्रम अधिकारी डॉ. अभिनव मिश्र एवं उनकी टीम के समन्वित प्रयासों से यह उपलब्धि हासिल हुई। अभियान के दौरान पोषण, स्वास्थ्य, प्रारंभिक बाल शिक्षा एवं जन-जागरूकता से जुड़ी अनेक गतिविधियों के माध्यम से समुदाय को संतुलित पोषण का संदेश दिया गया।
पोषण पखवाड़ा के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा गंभीरनाथ प्रेक्षागृह में गोदभराई एवं अन्नप्राशन कार्यक्रम में सहभाग किया गया, जहां गर्भवती एवं धात्री महिलाओं को पोषण के प्रति जागरूक किया गया। इस अवसर पर आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों द्वारा विभागीय योजनाओं की प्रदर्शनी भी लगाई गई।
अभियान में पोषण रेसिपी प्रतियोगिता, रंगोली, मेहंदी, क्विज, स्लोगन लेखन, एक्सटेम्पोर, टॉयथॉन एवं पोषण पंचायत जैसे कई नवाचार कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं विभिन्न ब्लॉकों की सक्रिय भागीदारी रही।
जिला कार्यक्रम अधिकारी ने बताया कि वर्ष 2024 और 2025 में भी जनपद ने शीर्ष स्थान प्राप्त किया था, और इस वर्ष भी उसी क्रम को जारी रखते हुए गोरखपुर ने लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है।
जिलाधिकारी ने इस उपलब्धि पर सभी संबंधित विभागों, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहयोगी संस्थाओं को बधाई देते हुए शीघ्र सम्मानित किए जाने की घोषणा की है।

No comments:
Post a Comment