बस्ती। राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम के अंतर्गत टीबी के लापता रोगियों की खोज, टीबी से होने वाली मृत्यु दर में कमी तथा संक्रमण के प्रसार को रोकने के उद्देश्य से स्वास्थ्य विभाग द्वारा जनपद में 24 मार्च 2026 से 100 दिवसीय सघन टीबी अभियान संचालित किया जा रहा है। इस अभियान में पंचायती राज विभाग, आईसीडीएस, शिक्षा विभाग एवं आपूर्ति विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर हाईरिस्क गांवों में विशेष आयुष्मान आरोग्य शिविर आयोजित किए जा रहे हैं।
अभियान के तहत हैंडहेल्ड एक्स-रे मशीन के माध्यम से आमजन का एक्स-रे, एचआईवी जांच, हीमोग्लोबिन, मधुमेह, ब्लड प्रेशर की जांच तथा बीएमआई कैलकुलेशन किया जा रहा है। साथ ही एक्स-रे रिपोर्ट के आधार पर संदिग्ध मरीजों की आगे की जांच कर छिपे हुए टीबी रोगियों को चिन्हित कर उपचार से जोड़ा जा रहा है।
सोमवार को राज्य स्तर से नामित अधिकारियों डॉ. अनुराग श्रीवास्तव (सीनियर कंसलटेंट, एसटीडीसी आगरा), डॉ. उदित मोहन (विश्व स्वास्थ्य संगठन सलाहकार, लखनऊ), श्री रजनीकांत पाण्डेय (एपीओ, केएचपीटी, लखनऊ) एवं रितू पाटिल (मल्टी सेक्टोरियल, आईहैट, लखनऊ) ने जनपद में अभियान का स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने सांसद बस्ती एवं विधायक कप्तानगंज से मुलाकात कर अभियान की प्रगति की जानकारी दी तथा 13 मई से कप्तानगंज ब्लॉक के पिलखांव गांव में शुरू होने वाले आयुष्मान आरोग्य शिविर के शुभारंभ हेतु आयोजित पोषण पोटली वितरण कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने का अनुरोध किया।
इसके अलावा रेलवे स्टेशन एवं रोडवेज परिसर में जनभागीदारी के तहत टीबी जागरूकता संबंधी उद्घोषणाएं कराई गईं। कोतवाली पुलिस से मिलकर सभी पुलिस चौकियों पर भी टीबी अभियान के प्रचार-प्रसार का अनुरोध किया गया। माई भारत वालंटियर कार्यक्रम के तहत किसान डिग्री कॉलेज, बस्ती के जिला समन्वयक से मिलकर युवाओं को क्षय रोग के प्रति जागरूक करने पर चर्चा की गई।
गौर ब्लॉक के सुजिया गांव में आयोजित आयुष्मान आरोग्य शिविर का निरीक्षण मुख्य विकास अधिकारी, बस्ती एवं राज्य स्तरीय अधिकारियों द्वारा किया गया। शिविर में उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सुविधाओं की समीक्षा करते हुए आवश्यक सुधार के निर्देश दिए गए।
इस अवसर पर जिला क्षय रोग अधिकारी, जिला कार्यक्रम समन्वयक, जिला पीपीएम समन्वयक एवं डिस्ट्रिक्ट लीड वर्ल्ड हेल्थ पार्टनर भी उपस्थित रहे।

No comments:
Post a Comment