गोरखपुर। लोक निर्माण विभाग (PWD) गोरखपुर में ई-ऑफिस लॉगिन न होने के कारण विभाग के कुछ लिपिकों और अवर अभियंताओं का मार्च माह का वेतन अब तक जारी नहीं हो सका है। वेतन भुगतान में देरी से कर्मचारियों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है, जिससे उन्हें दैनिक जरूरतें पूरी करने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
प्रभावित कर्मचारियों ने अपनी समस्या राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद, गोरखपुर के अध्यक्ष रूपेश कुमार श्रीवास्तव और महामंत्री मदन मुरारी शुक्ल के समक्ष रखी। मामले को गंभीरता से लेते हुए परिषद पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश और जिलाधिकारी गोरखपुर को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ के माध्यम से अवगत कराते हुए जल्द वेतन भुगतान की मांग की।
परिषद के पदाधिकारियों ने कहा कि कर्मचारियों का वेतन उनकी आजीविका का मुख्य आधार है और इसके रुकने से परिवारों पर प्रतिकूल असर पड़ता है। उन्होंने प्रशासन से मानवीय आधार पर त्वरित हस्तक्षेप कर तकनीकी बाधाओं को दूर करने और सभी कर्मचारियों का वेतन शीघ्र जारी करने की मांग की।
संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो आगे की रणनीति तय की जाएगी। कर्मचारियों ने भी प्रशासन से संवेदनशीलता दिखाते हुए शीघ्र राहत की उम्मीद जताई है।

No comments:
Post a Comment