बस्ती। परिवहन विभाग ने जिले में संचालित स्कूली वाहनों की सुरक्षा और नियमों के पालन को लेकर सख्ती बढ़ा दी है। परिवहन आयुक्त के निर्देश पर 1 अप्रैल से 15 अप्रैल तक विशेष चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है, जिसके तहत 12 अप्रैल यानी कि रविवार को आइटीआइ परिसर स्थित डीटीआइ यानी कि आरटीओ आफिस में सभी स्कूल वाहनों के लिए शिविर का आयोजन किया गया है।
यह जानकारी देती हुई एआरटीओ माला वाजपेई ने बताया कि अभियान के तहत जनपद में संचालित 1251 स्कूली वाहनों में से अब तक 951 वाहनों को पोर्टल पर ऑनबोर्ड किया जा चुका है, जबकि 751 वाहनों का निरीक्षण भी पूरा कर लिया गया है। शेष वाहनों की प्रक्रिया जल्द पूरी कराने के लिए विभाग सक्रिय है।
इसी क्रम में अभियान को समयबद्ध ढंग से पूरा करने के लिए रविवार को पूर्वाह्न 10 बजे आईटीआई परिसर स्थित डीटीआई कार्यालय में विशेष कैम्प का आयोजन किया जाएगा। इस कैम्प में स्कूल प्रबंधकों और प्रधानाचार्यों को अपने वाहनों सहित उपस्थित होकर ऑनबोर्डिंग और निरीक्षण की प्रक्रिया पूरी कराने के निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने स्पष्ट किया है कि जिन विद्यालयों के वाहन अब तक पोर्टल पर पंजीकृत या निरीक्षित नहीं हुए हैं, वे आवश्यक दस्तावेजों के साथ कैम्प में अनिवार्य रूप से शामिल हों। इसके लिए यूडायस कोड, ईमेल आईडी, वाहन के पंजीयन और परमिट से संबंधित दस्तावेज, वाहन प्रभारी व चालक के आधार कार्ड, मोबाइल नंबर, ड्राइविंग लाइसेंस, फोटो और चरित्र प्रमाण पत्र से जुड़े अभिलेख साथ लाना होगा। बताया कि यह अभियान मुख्यमंत्री के निर्देशों के अनुपालन में चलाया जा रहा है, ताकि स्कूली बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके और वाहनों में किसी प्रकार की लापरवाही न हो।

No comments:
Post a Comment