वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
बस्ती। जनपद में संचालित संचारी रोग दस्तक अभियान की प्रगति की समीक्षा हेतु साप्ताहिक बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता मुख्य विकास अधिकारी सार्थक अग्रवाल ने की।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी ने स्वास्थ्य, पंचायती राज, नगर निकाय, शिक्षा एवं अन्य संबंधित विभागों द्वारा अभियान के अंतर्गत किए जा रहे कार्यों की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि संचारी रोगों की रोकथाम के लिए स्वच्छता पर विशेष ध्यान दिया जाए तथा जलभराव वाले स्थानों की नियमित सफाई एवं निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही, फॉगिंग एवं एंटी-लार्वा छिड़काव के कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि आशा एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ता घर-घर जाकर लोगों को जागरूक करें और बुखार, खांसी, जुकाम आदि लक्षण पाए जाने पर तत्काल जांच एवं उपचार की व्यवस्था कराई जाए। मलेरिया, डेंगू, चिकनगुनिया एवं जापानी इंसेफेलाइटिस जैसी बीमारियों की रोकथाम के लिए विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश भी दिए गए।
मुख्य विकास अधिकारी ने यह भी निर्देशित किया कि विद्यालयों एवं सार्वजनिक स्थलों पर स्वच्छता एवं जागरूकता अभियान चलाए जाएं तथा आमजन को साफ-सफाई के प्रति प्रेरित किया जाए।
अंत में उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने एवं जनपद को संचारी रोगों से सुरक्षित रखने हेतु पूर्ण जिम्मेदारी के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।
बैठक में अनुपस्थित पाए जाने पर ईओ नगर पालिका अंगद गुप्ता, डीपीआरओ घनश्याम सागर तथा डीएमओ राजेश चौबे पर कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए एक दिन का वेतन बाधित किया गया।
बैठक में मुख्य चिकित्साधिकारी डा. राजीव निगम, एसीएमओ डा. ए.के. चौधरी, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी ए.के. गुप्ता, जिला समन्वयक राजाशेर सिंह सहित अधिशासी अधिकारी नगर पंचायत, एमओआईसी एवं सीडीपीओ उपस्थित रहे।

No comments:
Post a Comment