वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
बस्ती। मुख्य विकास अधिकारी सार्थक अग्रवाल की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्वच्छता समिति, पशु विभाग एवं जिला पोषण समिति की संयुक्त समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में सभी विभागों के अधिकारियों ने अपनी प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की।
सीडीओ ने निर्देश दिया कि प्रत्येक ब्लॉक की एक-एक ग्राम पंचायत में वर्मी कम्पोस्ट यूनिट की स्थापना हेतु चयन प्रक्रिया एक सप्ताह के भीतर पूरी की जाए। उन्होंने बताया कि फीकल स्लज प्रबंधन के तहत प्रत्येक तहसील में एफएसटीपी का निर्माण प्रस्तावित है। स्वच्छता से समृद्धि अभियान के अंतर्गत चयनित 150 ग्राम पंचायतों में अब तक 86,223 रुपये की आय सृजित की जा चुकी है।
उन्होंने जिला पंचायत राज अधिकारी को निर्देशित किया कि मुख्य राजस्व अधिकारी से समन्वय कर एक माह में भूमि चयन सुनिश्चित करें। वहीं सभी खंड विकास अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे ग्राम पंचायतों में सफाई व्यवस्था, कर्मचारियों की उपस्थिति, कचरा संग्रहण एवं वाहनों की कार्यशीलता की नियमित मॉनिटरिंग करें।
समीक्षा में पाया गया कि फिल्टर चेंबर निर्माण में विक्रमजोत (31%), कुदरहा (20%) और बस्ती सदर (17%) में कार्य अनारंभ है, जिस पर नाराजगी जताते हुए एक सप्ताह में प्रगति लाने के निर्देश दिए गए।
पशु विभाग की समीक्षा में गौशालाओं में गर्मी से बचाव, ठंडा पानी, भूसा व हरा चारा उपलब्ध कराने तथा सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। पोषण योजनाओं की समीक्षा में सीडीपीओ को समय से भुगतान और सटीक डेटा रिपोर्टिंग पर विशेष ध्यान देने को कहा गया। बैठक में संबंधित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

No comments:
Post a Comment