बस्ती। नारी वंदन अधिनियम को लेकर लोकसभा में हुई स्थिति के विरोध में सोमवार को नगर बाजार में भारतीय जनता पार्टी द्वारा महिला जनाक्रोश रैली निकाली गई। नगर पंचायत अध्यक्ष नीलम सिंह राना के नेतृत्व में सैकड़ों महिलाओं ने भीषण गर्मी के बावजूद मुख्य बाजार में पैदल मार्च कर अपनी आवाज बुलंद की।
रैली के दौरान “महिलाओं का अपमान नहीं सहेगा हिंदुस्तान” और “भारत माता की जय” के नारों से पूरा बाजार गूंज उठा। हाथों में तख्तियां लिए महिलाओं ने अपने अधिकारों को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया।
अमर शहीद राजा उदय प्रताप नारायण सिंह की प्रतिमा स्थल तिराहे पर पहुंचकर महिलाओं ने अखिलेश यादव और राहुल गांधी का पुतला दहन कर विरोध जताया।
कार्यक्रम संयोजक भाजपा महिला मोर्चा की जिला मंत्री मीना पाण्डेय ने कहा कि विपक्षी दल महिलाओं को राजनीतिक भागीदारी देने में बाधा डाल रहे हैं। भाजपा जिला उपाध्यक्ष शालिनी मिश्रा और शिवानी सिंह ने कहा कि नरेंद्र मोदी महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए प्रतिबद्ध हैं।
नगर पंचायत अध्यक्ष नीलम सिंह राना ने कहा कि नारी वंदन अधिनियम को परिसीमन के साथ लागू किया जाना चाहिए, ताकि महिलाओं को वास्तविक प्रतिनिधित्व मिल सके।
रैली में राना दिनेश प्रताप सिंह, प्रेम प्रकाश चौधरी, प्रदीप निषाद, विजय भान सिंह सहित बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी मौजूद रहे।

No comments:
Post a Comment