बस्ती। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग की परीक्षा में सफलता प्राप्त कर समीक्षा अधिकारी बने हर्रैया क्षेत्र के देवरी गांव निवासी शिवम शुक्ल के पैतृक गांव पहुंचने पर महादेवरी स्थित माता कात्यानी मंदिर परिसर में भव्य स्वागत समारोह का आयोजन किया गया। पूरे क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल रहा और लोगों ने फूल-मालाओं के साथ उनका जोरदार अभिनंदन किया।
स्वागत कार्यक्रम में वरिष्ठ भाजपा नेता जगदीश प्रसाद शुक्ल, राम सिंगर ओझा, एमडी ओझा, सुभाष चंद्र त्रिपाठी, चंद्रमणि पाण्डेय, सुदामा, रोहित त्रिपाठी, प्रेम शंकर ओझा, विनोद शुक्ल सहित अन्य गणमान्य लोगों ने शिवम की सफलता पर गर्व जताया। उन्होंने कहा कि शिवम की मेहनत, अनुशासन और लगन युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है।
शिवम शुक्ल ने कार्यक्रम में उपस्थित लोगों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता, भाई, गुरुजनों और नियमित अध्ययन को दिया। उन्होंने कहा कि यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और निरंतर मेहनत की जाए तो सफलता निश्चित है। उन्होंने बताया कि उनका अगला लक्ष्य आईएएस अधिकारी बनकर देश की सेवा करना है, जिसके लिए वे लगातार प्रयास कर रहे हैं।
इस अवसर पर शिवम के पिता कौशल शुक्ल, माता नीलम शुक्ला, भाई शुभम शुक्ल और बहन पूजा ने बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों का आभार व्यक्त किया और शिवम के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम में ध्येय आईएएस के मेंटर अश्वनी राय ने कहा कि शिवम अत्यंत मेधावी और परिश्रमी हैं तथा उनका आईएएस बनने का सपना अवश्य साकार होगा। कार्यक्रम का संचालन प्राथमिक शिक्षक संघ के जिला संगठन मंत्री विवेक कान्त पाण्डेय ने किया।
इस दौरान क्षेत्र के बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे और शिवम को शुभकामनाएं दीं।

No comments:
Post a Comment